बरसात ने खोली ग्रामीण सड़कों की पोल, गड्ढों में तब्दील हुए संपर्क मार्ग
फैज बाग से कुइयां संत रसूलपुर, सहसा-जगदीशपुर समेत कई मार्ग बदहाल; दुपहिया और साइकिल
सवारों के लिए बढ़ी परेशानी
प्रखरवाणी फर्रुखाबाद
लगातार हुई बरसात के बाद ग्रामीण क्षेत्र के संपर्क मार्गों की हालत और बिगड़ गई है। गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ने वाली कई सड़कें जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो गई हैं। कहीं सड़क की गिट्टियां उखड़ चुकी हैं तो कहीं डामर का नामोनिशान तक नहीं बचा है। उबड़-खाबड़ रास्तों पर सबसे अधिक परेशानी दुपहिया और साइकिल सवारों को उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों को आशंका है कि समय रहते इन मार्गों की मरम्मत नहीं हुई तो किसी दिन हादसा गंभीर रूप ले सकता है।सरकार की ओर से गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ने के लिए संपर्क मार्गों के निर्माण और मरम्मत पर बजट खर्च किया जाता है, लेकिन बरसात के बाद कई सड़कों की स्थिति सवाल खड़े कर रही है। वर्षों पहले जनप्रतिनिधियों की निधि से बनाए गए कुछ संपर्क मार्ग भी अब बदहाल नजर आ रहे हैं। कई स्थानों पर सड़क की परत उखड़कर गिट्टियां बाहर आ गई हैं और गहरे गड्ढों के कारण मार्ग संकरे जैसे दिखाई देने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इन रास्तों से रोजाना बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं, ऐसे में क्षतिग्रस्त सड़कों से दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
फैज बाग से कुइयां संत रसूलपुर, सहसा और जगदीशपुर जाने वाला मार्ग पहले से ही खराब बताया जा रहा था। हाल की बरसात के बाद इसकी स्थिति और खराब हो गई है। मार्ग पर जगह-जगह बने गड्ढों और उखड़ी गिट्टियों के कारण वाहन चालकों को संभलकर निकलना पड़ रहा है। इसी तरह कायमगंज-फर्रुखाबाद मार्ग स्थित फैज बाग से कुइयां खेड़ा, पसियापुर और कुइयां धीर जाने वाला संपर्क मार्ग भी कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त है। साइकिल और दुपहिया वाहन चालकों को उबड़-खाबड़ रास्ते से गुजरने में परेशानी उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों के मुताबिक गोविंदपुर असदुल्ला से खुड़ना वैध जाने वाला संपर्क मार्ग भी बदहाल है। कुइयां संतअदूदूपुर का संपर्क मार्ग तथा पूर्व माध्यमिक विद्यालय रजलामई से फरीदपुर सैदवाड़ा जाने वाले मार्ग की स्थिति भी खराब बताई गई है। कुछ हिस्सों में सड़क के बजाय केवल पत्थर और गिट्टियां दिखाई दे रही हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि बरसात का दौर थमने के बाद संबंधित विभाग सभी क्षतिग्रस्त संपर्क मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कराकर मरम्मत कराए, ताकि गांवों से आने-जाने वाले लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन मिल सके।
