फरियादियों को बार-बार दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें, शिकायतों का मौके पर जाकर करें निस्तारण : डीएम


कायमगंज तहसील समाधान दिवस में 135 शिकायतें पहुंचीं, 11 का मौके पर निस्तारण; अनुपस्थित खंड शिक्षा अधिकारी का वेतन रोकने के निर्देश

प्रखरवाणी फर्रुखाबाद 

तहसील समाधान दिवस में आने वाले फरियादियों को शिकायत के समाधान के लिए बार-बार अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उनकी समस्या का निस्तारण समय से और पूरी गुणवत्ता के साथ हो। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने शनिवार को कायमगंज तहसील में आयोजित समाधान दिवस में अधिकारियों को इसी मंशा के साथ काम करने की हिदायत दी। पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह के साथ डीएम ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का स्थलीय सत्यापन कर वास्तविक समाधान कराने के निर्देश दिए। समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित 135 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 11 का मौके पर ही निस्तारण किया गया।


जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित नहीं रहना चाहिए। अधिकारी मौके पर जाकर समस्या की वास्तविक स्थिति देखें और शिकायतकर्ता को राहत मिलने के बाद ही निस्तारण सुनिश्चित करें। प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी समाधान किया जाए। किसी भी फरियादी को एक ही समस्या के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ें, ऐसी स्थिति नहीं बननी चाहिए। समाधान दिवस में खंड शिक्षा अधिकारी शमशाबाद के अनुपस्थित रहने पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को संबंधित अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने और वेतन रोकने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान के लिए आयोजित तहसील समाधान दिवस में संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति जरूरी है। बिना उचित कारण अनुपस्थित रहने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने तहसील परिसर में स्थापित ईवीएम एवं वीवीपैट प्रशिक्षण केंद्र का भी निरीक्षण किया। डीएम ने मशीनों की क्रियाशीलता परखी और मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए की गई व्यवस्था देखी। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को ईवीएम और वीवीपैट के उपयोग की जानकारी होने से मतदान प्रक्रिया के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और वे आत्मविश्वास के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने भारत की जनगणना 2027 के अंतर्गत संचालित स्वगणना जागरूकता अभियान को प्रोत्साहित करने के लिए तहसील परिसर में स्थापित सेल्फी प्वाइंट पर सेल्फी ली। डीएम ने जनपदवासियों से स्वगणना अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं और नीतियों के निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों में पुलिस विभाग की 45, राजस्व विभाग की 41, विद्युत विभाग की 13, विकास विभाग की नौ, आपूर्ति विभाग की दो, नगर पालिका एवं नगर पंचायत की तीन तथा अन्य विभागों की 22 शिकायतें शामिल रहीं। मौके पर निस्तारित 11 शिकायतों के अलावा शेष प्रार्थना पत्र संबंधित विभागों को सौंपते हुए निर्धारित समयसीमा में निस्तारण के निर्देश दिए गए। इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी कायमगंज अभिषेक वर्मा, क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा, तहसीलदार अरविंद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने