ढाई घाट कार्तिक मेले की व्यवस्थाओं को लेकर डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष जोर

एसपी ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश, घाट पर बैरीकेडिंग व सीसीटीवी से होगी निगरानी; जांच के बाद ही लगेंगे झूले                                                                                                                प्रखरवाणी फर्रुखाबाद
शमशाबाद के ढाई घाट पर लगने वाले कार्तिक मेले में श्रद्धालुओं की सहूलियत और सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों की कमान संभाल ली है। 23 से 25 नवंबर तक आयोजित होने वाले मेले की व्यवस्थाओं को परखने के लिए शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह के साथ संयुक्त रूप से मेला स्थल का निरीक्षण किया। डीएम ने घाट, मेला परिसर और श्रद्धालुओं के आवागमन से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभी इंतजाम पहले से पूरे कर लिए जाएं, जिससे स्नान से लेकर मेला परिसर में भ्रमण तक किसी को असुविधा न हो।
जिलाधिकारी ने घाट पर पर्याप्त और मजबूत बैरीकेडिंग कराने के निर्देश दिए, ताकि स्नान के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। घाट और मेला परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाकर निगरानी की व्यवस्था करने को कहा। मेले में लगने वाले झूलों की सुरक्षा को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए कि उनकी गुणवत्ता और निर्धारित सुरक्षा मानकों की विधिवत जांच कराई जाए। जांच में मानक पूरे होने पर ही झूले लगाने की अनुमति दी जाए। बच्चों की सुरक्षा के मामले में किसी तरह की अनदेखी न हो। डीएम ने मेला परिसर में साफ-सफाई, पर्याप्त शुद्ध पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अस्थायी शौचालयों का इंतजाम समय से कराने के साथ उनकी नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा। महिला श्रद्धालुओं की सुविधा और निजता के लिए घाट के नजदीक सुरक्षित चेंजिंग रूम बनवाने के निर्देश भी दिए।
डीएम ने अधिकारियों से कहा कि मेले की व्यवस्थाएं ऐसी हों कि श्रद्धालुओं को छोटी-छोटी जरूरतों के लिए भी परेशान न होना पड़े। सभी विभाग आपसी समन्वय से अपने दायित्व निभाएं और मेला शुरू होने से पहले तैयारियों का दोबारा स्थलीय परीक्षण कर लें। उन्होंने स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने पर जोर दिया। वहीं, पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह ने पुलिस अधिकारियों को पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के साथ श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु बनाए रखने को कहा, जिससे मेला शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने