प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अमृतपुर में स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं की हकीकत रविवार को राज्य स्तरीय निरीक्षण टीम के सामने उजागर हो गई। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई से लेकर मरीजों की सुविधाओं तक कई खामियां मिलीं। पुरुष एवं महिला शौचालयों में गंदगी देखकर टीम ने नाराजगी जताई और तत्काल सफाई कराई। वहीं एएनएम भी मौके पर मौजूद नहीं मिलीं। सबसे गंभीर स्थिति तब सामने आई, जब ग्लूकोज की बोतल और निष्फल अंतर्गर्भाशयी गर्भनिरोधक उपकरण का पूरा डिब्बा झाड़ियों में पड़ा मिला। इस लापरवाही पर टीम ने कड़ी नाराजगी जाहिर की।निरीक्षण के दौरान अस्पताल में व्हीलचेयर उपलब्ध नहीं मिली। मरीजों की सुविधा से जुड़ी इस कमी पर टीम ने आपत्ति जताई, जिसके बाद तत्काल व्हीलचेयर की व्यवस्था कराई गई। कर्मचारियों की उपस्थिति जांचने पर एएनएम नदारद मिलीं, जबकि स्टाफ नर्स सपना देवी मौजूद थीं।
प्रसव सेवाओं की जानकारी लेने पर स्टाफ ने अब तक 13 प्रसव और एक मरीज को रेफर किए जाने की जानकारी दी। केंद्र पर चार बीपी मशीनें मिलीं, जिनमें दो डिजिटल और दो सामान्य थीं। शिकायत पेटिका को बाहर रखने के निर्देश दिए गए, ताकि मरीज और उनके तीमारदार अपनी शिकायत दर्ज करा सकें।चिकित्सा प्रभारी ने टीम को बताया कि केंद्र पर अभी तक वार्ड बॉय और गार्ड की तैनाती नहीं हुई है। लैब टेक्नीशियन पवन कुमार से सीबीसी, डेंगू, मलेरिया जांच और मरीजों के फॉलोअप की जानकारी ली गई। इसके अलावा दवा स्टॉक, उपस्थिति रजिस्टर, प्रसव कक्ष, आरओ वाटर और आयुष्मान मेले से संबंधित अभिलेखों की भी जांच की गई।
निरीक्षण में राज्य स्तरीय टीम के डॉ. शोएब, राहुल शाक्य, एसीएमओ डॉ. दीपक कठेरिया, डॉ. शेखर यादव, चंदन यादव, चिकित्सा प्रभारी डॉ. मानसिंह, रोहित सिंह, बीपीएम विनीता और प्रमित राजपूत मौजूद रहे। टीम ने अस्पताल की व्यवस्थाओं में मिली कमियों को तत्काल दूर कर स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
