प्रखरवाणी
फर्रुखाबाद
हवाई हमले की चेतावनी मिलने पर क्या करना है, बिजली आपूर्ति कैसे बंद करनी है और हमले के बाद आग लगने या लोगों के घायल होने की स्थिति में किस तरह राहत एवं बचाव कार्य चलाने हैं, इसका रविवार शाम ब्लैकआउट मॉकड्रिल में अभ्यास किया गया। पुलिस लाइन स्थित अग्निशमन केंद्र, फतेहगढ़ में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में ब्लैकआउट मॉकड्रिल एक्सरसाइज-2026 आयोजित हुई। इसमें अग्निशमन, स्वास्थ्य, पुलिस और नागरिक सुरक्षा से जुड़े कर्मियों ने आपातकालीन परिस्थितियों में अपनी जिम्मेदारियों का प्रदर्शन किया। अभ्यास के दौरान आग बुझाने, घायलों को सुरक्षित निकालने और एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया भी परखी गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि मॉकड्रिल का मकसद हवाई हमले जैसी आपात स्थिति में जिला प्रशासन और संबंधित विभागों की तैयारियों को परखना है। ऐसी स्थिति में सबसे पहले नागरिकों को सतर्क करने, सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों, आवासीय क्षेत्रों तथा सड़कों की सुरक्षा के लिए ब्लैकआउट व्यवस्था लागू करने की जरूरत होती है। इसके तहत बिजली आपूर्ति बंद रखने और रोशनी को नियंत्रित करने की प्रक्रिया का अभ्यास कराया गया। वहीं, हमले के बाद किसी भवन या घर में आग लगने पर अग्निशमन उपकरणों से आग बुझाने और घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की कार्यवाही का भी प्रदर्शन किया गया।डीएम ने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में केवल संसाधनों की उपलब्धता पर्याप्त नहीं होती, बल्कि उनका सही समय पर इस्तेमाल और विभागों के बीच बेहतर तालमेल भी जरूरी है। मॉकड्रिल के जरिए एयर रेड अर्ली वार्निंग सिस्टम, ब्लैकआउट व्यवस्था और राहत एवं बचाव तंत्र की कार्यक्षमता का परीक्षण किया गया। अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिक सुरक्षा कोर के स्वयंसेवकों को उनकी जिम्मेदारियों और बचाव की प्रक्रियाओं का व्यावहारिक अनुभव भी मिला। इसका उद्देश्य वास्तविक आपदा के समय किसी तरह की अफरातफरी से बचते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
अभ्यास के दौरान नागरिक सुरक्षा कोर के स्वयंसेवकों ने लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की प्रक्रिया में हिस्सा लिया। अग्निशमन कर्मियों ने आग पर काबू पाने का प्रदर्शन किया, जबकि एंबुलेंस के जरिए घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था का भी अभ्यास किया गया। प्रशासन की ओर से आमजन को आपात स्थिति में सतर्क रहने, सुरक्षित स्थानों पर जाने और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने के प्रति जागरूक किया गया।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार, नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार, क्षेत्राधिकारी नगर अभय वर्मा, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरसी माथुर, उपायुक्त उद्योग सोनल जिंदल, आपदा प्रबंधक आयुष्मान परिहार सहित नागरिक सुरक्षा कोर के कर्मचारी, स्वयंसेवक और संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

.jpeg)