विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर डीएम ने सातनपुर मंडी का किया निरीक्षण

पोलिंग पार्टियों की रवानगी और वापसी से लेकर स्ट्रांग रूम तक की व्यवस्थाएं परखीं, बिजली-पानी, पार्किंग और सुरक्षा इंतजाम समय से दुरुस्त कराने के निर्देश..

प्रखरवाणी  

फर्रुखाबाद

विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने गुरुवार को पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह के साथ सातनपुर स्थित कृषि उत्पादन मंडी समिति का निरीक्षण कर निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने पोलिंग पार्टियों की रवानगी और मतदान के बाद वापसी, ईवीएम एवं निर्वाचन सामग्री के सुरक्षित रखरखाव के लिए प्रस्तावित स्ट्रांग रूम सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थलों की स्थिति परखी। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन संबंधी सभी व्यवस्थाओं का अभी से आकलन कर कमियों को चिह्नित करें और उन्हें समयबद्ध ढंग से दूर कराएं।

जिलाधिकारी ने मंडी परिसर के भवनों और कक्षों का निरीक्षण करते हुए आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्य प्राथमिकता से कराने को कहा। उन्होंने पोलिंग पार्टियों की रवानगी और वापसी के लिए पर्याप्त स्थान, वाहनों के आवागमन के लिए सुगम मार्ग और व्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पर्याप्त प्रकाश और वैकल्पिक बिजली की व्यवस्था दुरुस्त कराने को कहा। पेयजल, महिला एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय और नियमित साफ-सफाई के इंतजाम भी समय से पूरे कराने पर जोर दिया। भवनों के फर्श, दरवाजे, खिड़कियों और छतों की मरम्मत कराने के साथ स्ट्रांग रूम की सुरक्षा एवं संरक्षा के लिहाज से भवनों का विशेष परीक्षण कराने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह ने स्ट्रांग रूम सहित अन्य संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा, पुलिस बल की तैनाती, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था और परिसर की निगरानी के लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्ययोजना तैयार कर निर्धारित समयसीमा में व्यवस्थाएं पूरी कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन के दौरान पोलिंग पार्टियों और निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों-कर्मचारियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार, उप जिलाधिकारी सदर संजय कुमार, एआरटीओ प्रशासन कृष्ण कुमार, एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता मुरलीधर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने