मिट्टी की खुदाई को लेकर विवाद में बंधक बनाकर पीटने का आरोप, चार लोगों के खिलाफ दर्ज हुई थी एनसीआर; मौत से परिवार में मचा कोहराम.
प्रखरवाणी
नवाबगंज, फर्रुखाबाद।
दीपावली पर मिट्टी की खुदाई को लेकर हुए विवाद में गंभीर रूप से घायल ईंट भट्ठा मालिक जयदेव राजपूत उर्फ दुर्विजय (48) की गुरुवार रात कानपुर के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। आरोप है कि 9 नवंबर को कुछ लोगों ने उन्हें बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा था।जयदेव राजपूत सिकंदरपुर नहरोसा स्थित शर्मा ईंट भट्ठे में पार्टनर थे। उन्होंने नहरोसा गांव में भट्ठे के लिए तीन बीघा जमीन की मिट्टी खरीदी थी। इसी जमीन पर खुदाई को लेकर विवाद चल रहा था। परिजनों के मुताबिक, 9 नवंबर को वह संबंधित व्यक्ति के घर पहुंचे थे, जहां कुछ लोगों ने उन्हें बंधक बनाकर मारपीट की।
घायल अवस्था में परिजन उन्हें थाना नवाबगंज लेकर पहुंचे। वहां से सीएचसी और फिर लोहिया अस्पताल रेफर किया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें कानपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक के बेटे गौरव ने आरोप लगाया कि पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ एनसीआर दर्ज की थी, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं की। शुक्रवार को शव गांव पहुंचने पर परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी आशा देवी बेसुध हो गईं। मृतक अपने पीछे तीन बेटे और चार बेटियां छोड़ गए हैं।
प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि चार लोगों के खिलाफ पहले ही एनसीआर दर्ज की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर मुकदमे में आवश्यक धाराएं बढ़ाकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


