प्रखरवाणी
फर्रुखाबाद
दिव्यांगता अब बच्चों की पढ़ाई और स्कूल तक पहुंचने में बाधा न बने, इसके लिए समग्र शिक्षा के तहत पहल की गई। शनिवार को नवाबगंज स्थित ब्लॉक संसाधन केंद्र में एलिम्को के तत्वावधान में सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें समग्र शिक्षा एवं पीएमश्री विद्यालयों में अध्ययनरत 100 दिव्यांग विद्यार्थियों को उनकी जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण दिए गए। सांसद मुकेश राजपूत ने बच्चों को उपकरण वितरित किए। उपकरण पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी, वहीं अभिभावकों ने भी इस पहल को उनके बच्चों की पढ़ाई के लिए उपयोगी बताया।सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि प्रत्येक बच्चे में अपनी प्रतिभा और क्षमता होती है। जरूरत इस बात की है कि उसे आगे बढ़ने के लिए उचित अवसर और आवश्यक संसाधन मिलें। दिव्यांग बच्चों को शिक्षा, स्वावलंबन और समाज की मुख्यधारा से जोड़ना सामूहिक जिम्मेदारी है। सहायक उपकरण मिलने से बच्चों को विद्यालय आने-जाने के साथ कक्षा की गतिविधियों में भाग लेने में आसानी होगी। इससे उनकी पढ़ाई निरंतर जारी रखने और आत्मविश्वास बढ़ाने में मदद मिलेगी।जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह ने कहा कि दिव्यांग विद्यार्थियों को उनकी आवश्यकतानुसार सुविधाएं उपलब्ध कराकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के समान अवसर देना विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल है। विभाग का प्रयास है कि कोई भी बच्चा संसाधनों के अभाव में शिक्षा से दूर न रहे। इसके लिए समेकित शिक्षा के अंतर्गत बच्चों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उनकी शैक्षिक सहभागिता बढ़ाने पर काम किया जा रहा है।कार्यक्रम की व्यवस्थाएं जिला समन्वयक (समेकित शिक्षा) वंदना कुशवाहा की ओर से सुनिश्चित की गईं। इस दौरान जिला समन्वयक एमआईएस जितेंद्र सिंह, स्पेशल एजुकेटर्स तथा संबंधित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। 100 विद्यार्थियों को सहायक उपकरणों का वितरण दिव्यांग बच्चों के लिए विद्यालय तक पहुंच आसान बनाने और उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा में आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम रहा।
