दीपावली पर फर्रुखाबाद को मिला ‘प्रगति पथ’ का उपहार, डेढ़ करोड़ से बदली सड़क की सूरत

देवरामपुर क्रॉसिंग से रेलवे स्टेशन तक हुआ मार्ग का कायाकल्प, ओपन जिम, आकर्षक लाइटिंग और आधुनिक फुटपाथ बने आकर्षण का केंद्र

प्रखर वाणी ब्यूरो
फर्रुखाबाद।

दीपावली के पर्व पर फर्रुखाबाद शहर को विकास की एक नई सौगात मिली है। शहर को आधुनिक और खूबसूरत बनाने की दिशा में नगर पालिका परिषद की ओर से तैयार कराया गया ‘प्रगति पथ’ अब शहरवासियों के लिए समर्पित कर दिया गया है। देवरामपुर क्रॉसिंग से फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन तक करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से विकसित किए गए इस मार्ग का गुरुवार देर शाम नगर पालिका अध्यक्ष वत्सला अग्रवाल ने विधिवत लोकार्पण किया। इस दौरान पूर्व एमएलसी मनोज अग्रवाल भी मौजूद रहे। गणेश पूजन के साथ परियोजना का शुभारंभ किया गया।

प्रगति पथ को महज सड़क निर्माण तक सीमित न रखते हुए इसे आधुनिक सुविधाओं और आकर्षक स्वरूप के साथ विकसित किया गया है। मार्ग पर खूबसूरत लाइटिंग की व्यवस्था की गई है, जिससे रात के समय भी पूरा रास्ता रोशनी से जगमगाएगा। वहीं, पैदल चलने वालों की सुविधा के लिए व्यवस्थित फुटपाथ बनाए गए हैं। इसके अलावा लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से ओपन जिम की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।

इस मार्ग के विकसित होने से रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों के साथ स्थानीय नागरिकों को भी बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। खास बात यह है कि मार्ग की साज-सज्जा और सुविधाएं शहर की सुंदरता में भी चार चांद लगाएंगी।

नगर पालिका की ओर से शहर के प्रमुख मार्गों को मॉडल रोड के रूप में विकसित करने की दिशा में लगातार काम कराया जा रहा है। इससे पहले आरोग्य पथ और मॉडल रेलवे रोड को विकसित कराया गया था। अब प्रगति पथ के लोकार्पण के साथ इस अभियान को एक और नई उपलब्धि मिली है।

दीपावली के अवसर पर मिली इस सौगात को शहर के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब शहरवासियों को उम्मीद है कि इसी तरह अन्य प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थलों का भी कायाकल्प कर फर्रुखाबाद को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक शहर बनाने की दिशा में प्रयास जारी रहेंगे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने