18 बिजली पोलों से तार काटने समेत तीन घटनाओं का खुलासा, लोडर, दो बाइक और चोरी का सामान बरामद
प्रखर वाणी ब्यूरो
फर्रुखाबाद।
जिले में बिजली के तार और ट्रांसफार्मर का सामान चोरी करने वाले गिरोह का एसओजी/सर्विलांस और शमसाबाद पुलिस ने पर्दाफाश किया है। संयुक्त टीम ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का सामान और वारदात में प्रयुक्त वाहन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से बिजली लाइनों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, बीती 13/14 अक्टूबर की रात शमसाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम अमलेया आशानंद और नगला नानन के बीच 18 बिजली पोलों से तार काट लिए गए थे। वहीं एक अक्टूबर की रात मोहम्मदाबाद क्षेत्र के रोहिला अंडरपास के पास 14 पोलों से बिजली के तार चोरी किए गए थे। इसके अलावा 19 अगस्त की रात कमालगंज थाना क्षेत्र के सिंधौली गांव में एक निजी ट्यूबवेल का ट्रांसफार्मर जमीन पर गिराकर उसका तेल और वायरिंग चोरी कर ली गई थी।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया था। मुखबिर की सूचना पर एसओजी/सर्विलांस और थाना शमसाबाद पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पहले मोटरसाइकिल से घूमकर बिजली लाइनों की रेकी करते थे। जिन नई लाइनों में करंट नहीं होता था, उन्हें चिह्नित कर रात में तार काट लेते थे। इसके अलावा ट्रांसफार्मर से तेल और तांबा निकालकर चोरी का सामान सस्ते दामों पर बेच देते थे। इससे मिलने वाली रकम आपस में बांट लेते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अशोक लीलैंड लोडर, हीरो स्प्लेंडर और प्लेटिना मोटरसाइकिल, 11/33 केवी बिजली तार के नौ बंडल, कटे केबल के छह बोरे, करीब चार किलो तांबे की पत्तियां, दो कटर, पोल पर चढ़ने वाली चप्पल, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और ट्रांसफार्मर का तेल बरामद किया है।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार: सब्बल पुत्र शहीद खान निवासी कटरा रहमत खां कायमगंज, आमिर पुत्र ईद मोहम्मद निवासी मऊ रशीदाबाद कायमगंज, वीपी सिंह उर्फ विमल पुत्र राम सिंह निवासी मिलकिया नवाबगंज, लाल बहादुर पुत्र राजाराम निवासी मिलकिया नवाबगंज, आसिम पुत्र कैसर खान निवासी बड़ा बाजार मऊ रशीदाबाद कायमगंज, तस्लीम पुत्र रजी खान निवासी भुड़िया कटरा रहमत खां कायमगंज और संजय गंगवार पुत्र अभिलाष चंद्र गंगवार निवासी खेड़ा कुइयां शमसाबाद शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Tags
Farrukhabad