नशामुक्त भारत का संदेश लेकर मंच पर उतरे युवा, ‘युवा उत्सव’ में दिखी प्रतिभा पांच विधाओं में हुई

प्रतियोगिताएं, जीजीआईसी की टीमों ने लोकनृत्य, लोकगीत और नुक्कड़ नाटक में मारी बाजी..

प्रखरवाणी  

फर्रुखाबाद

नशामुक्त भारत और विकसित राष्ट्र के संकल्प को युवाओं की प्रतिभा के जरिए जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जनपद स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘युवा उत्सव’ का आयोजन किया गया। युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग के तत्वावधान में विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग (वीबीवाईडी)-2027 के तहत रखा इंटर कॉलेज, फतेहगढ़ में आयोजित उत्सव में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने चित्रकला, कविता लेखन, लोकनृत्य, लोकगीत और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशामुक्ति एवं विकसित भारत का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज प्रबंधक राजेश मसीह एवं प्रशांत कटियार ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। चित्रकला में रखा इंटर कॉलेज की अंजली प्रथम, राजपूताना इंटर कॉलेज के अभिनव और रखा इंटर कॉलेज की सुधा संयुक्त रूप से द्वितीय तथा रखा इंटर कॉलेज की प्रिया तृतीय स्थान पर रहीं। कविता लेखन में गायत्री ने प्रथम, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज फतेहगढ़ की नम्रता ने द्वितीय और पीडी कॉलेज की तान्या ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। लोकनृत्य समूह, लोकगीत समूह और नुक्कड़ नाटक में जीजीआईसी की टीमों ने प्रथम स्थान हासिल किया। लोकगीत समूह में मानसी, चंचल यादव, राधा यादव, सोनम, नित्या, संध्या और अदीबा शामिल रहीं। नुक्कड़ नाटक में रखा बालिका इंटर कॉलेज की टीम द्वितीय स्थान पर रही।

प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में दिव्या सिंह, मंजू, ऋतु सक्सेना, गुलशन जहां एवं प्रवक्ता अनीता सिंह शामिल रहीं। समापन अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने विजेताओं सहित प्रतिभागियों को उपहार वितरित किए और उनकी प्रतिभा की सराहना करते हुए युवाओं से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया। कार्यक्रम प्रभारी एवं क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी अनुराग, प्रभारी जिला युवा कल्याण अधिकारी पुष्पेंद्र यादव, युवा कल्याण अधिकारी शुभम सिंह, जीतू सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। 

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने