विधिक अधिकारों की जानकारी के साथ सरकारी योजनाओं से जोड़े गए पात्र लाभार्थी

मेगा विधिक सहायता शिविर में एक ही छत के नीचे मिलीं योजनाओं की जानकारी और पंजीकरण की सुविधा,

 छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से किया संविधान के प्रति जागरूक..

प्रखरवाणी 

फर्रुखाबाद

ऑफिसर क्लब फतेहगढ़ में रविवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष नीरज कुमार ने शिविर का शुभारंभ किया। इस दौरान आमजन को उनके विधिक अधिकारों, निःशुल्क कानूनी सहायता और शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों पर पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के लिए मौके पर ही पंजीकरण भी किया गया। जनपद न्यायाधीश ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं और लाभार्थियों को दिए जा रहे लाभ की जानकारी ली।

सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं सिविल जज सीनियर डिवीजन बिन्दिया भटनागर ने कहा कि शिविर का उद्देश्य लोगों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ न्याय व्यवस्था को सुलभ बनाना और पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी। वहीं विधि विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने मौलिक अधिकारों, नागरिक कर्तव्यों और संविधान के महत्व पर भाषण, नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इनके माध्यम से लोगों को कानून का पालन करने और अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहने का संदेश दिया गया।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने