गणपति बप्पा के जयकारों से गूंजा शमसाबाद, पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत
प्रखरवाणी.. शमसाबाद, फर्रुखाबादप्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश के जयकारों से मंगलवार शाम शमसाबाद नगर गूंज उठा। रामलीला महोत्सव के शुभारंभ के अवसर पर रामलीला कमेटी की ओर से गुमटी महादेव मंदिर से लंका मैदान तक भगवान गणेश की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। गाजे-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ निकली शोभायात्रा में श्रद्धालु गणपति के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। नगर के विभिन्न स्थानों पर लोगों ने पुष्पवर्षा कर झांकी का स्वागत किया।शोभायात्रा का शुभारंभ गुमटी महादेव मंदिर में भगवान गणेश के पूजन और आरती के साथ हुआ। रामलीला कमेटी अध्यक्ष श्याम मिश्रा, महामंत्री नवनीत रस्तोगी और कोषाध्यक्ष आलोक भारद्वाज के नेतृत्व में निकली शोभायात्रा बाजार और थाना चौराहा होते हुए लंका मैदान पहुंची। भगवान गणेश के दो आकर्षक स्वरूपों की झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। ढोल-ताशों की धुन पर युवाओं और बच्चों ने नृत्य किया। रास्ते में घरों और दुकानों की छतों से लोगों ने पुष्पवर्षा की। महिलाओं और बच्चों में भी शोभायात्रा को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया।
थाना चौराहे पर पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष विजय गुप्ता ने शोभायात्रा का स्वागत कर भगवान गणेश की आरती उतारी और पुष्प अर्पित किए। इसके बाद शोभायात्रा लंका मैदान पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की गई। कमेटी अध्यक्ष श्याम मिश्रा ने बताया कि सनातन परंपरा में किसी भी शुभ कार्य से पहले प्रथम पूज्य भगवान गणेश का आवाहन किया जाता है। इसी परंपरा के तहत रामलीला महोत्सव का शुभारंभ गणेश शोभायात्रा से किया गया है। इस दौरान कमेटी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।