बालू से भरी दो ट्रैक्टर-ट्रालियां पकड़ीं, प्रपत्र मांगते ही चालक हुए खामोश

 बालू से भरी दो ट्रैक्टर-ट्रालियां पकड़ीं, प्रपत्र मांगते ही चालक हुए खामोश

प्रखरवाणी शमसाबाद, फर्रुखाबाद

ढाईघाट क्षेत्र में बालू के अवैध खनन और परिवहन की चर्चाओं के बीच मंगलवार सुबह खनन विभाग की कार्रवाई से हड़कंप मच गया। फैजबाग-शमसाबाद मार्ग पर सुबह करीब सात बजे खनन अधिकारी ने बालू से भरी दो ट्रैक्टर-ट्रालियों को पकड़ लिया। मौके पर चालकों से बालू के परिवहन से संबंधित आवश्यक प्रपत्र मांगे गए तो वे कोई संतोषजनक दस्तावेज नहीं दिखा सके। इसके बाद दोनों वाहनों को कार्रवाई के लिए शमसाबाद थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।खनन अधिकारी की सूचना पर थानाध्यक्ष सचिन चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। खनन अधिकारी ने बालू से भरी दोनों ट्रैक्टर-ट्रालियां पुलिस के हवाले कर दीं। थानाध्यक्ष ने बताया कि पकड़े गए वाहनों को आवश्यक कार्रवाई के बाद दाखिल किया गया है। अब विभागीय स्तर पर भी बालू के स्रोत और उसके परिवहन से जुड़े अभिलेखों की जांच की जा रही है।ढाईघाट और आसपास के क्षेत्र में बालू के खनन व परिवहन को लेकर लंबे समय से चर्चाएं होती रही हैं। मंगलवार की कार्रवाई ने एक बार फिर इस गतिविधि पर निगरानी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। कार्रवाई के दौरान दो वाहन पकड़ में आ गए, लेकिन सवाल यह भी है कि यदि नियमित निगरानी हो रही है तो अवैध परिवहन में लगे वाहन लगातार सड़कों तक कैसे पहुंच रहे हैं। खनन विभाग की कार्रवाई के बाद अब यह देखना होगा कि पकड़ी गई बालू वैध स्रोत से निकाली गई थी या इसके पीछे कोई और कहानी है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने