अधिवक्ता के घर चोरी का पर्दाफाश, शातिर चोर और महिला गिरफ्तार
दो दर्जन से अधिक मुकदमों में आरोपी है सर्वेश, नकदी और जेवरात समेत चोरी का सामान बरामद
फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र में अधिवक्ता के घर हुई चोरी की घटना का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। एसओजी, सर्विलांस और फतेहगढ़ कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने शातिर चोर समेत एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 10,180 रुपये नकद, सोने-चांदी जैसी धातुओं के आभूषण, सिक्के और अन्य सामान बरामद हुआ है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ और बरामदगी के आधार पर पांच अन्य चोरी की घटनाओं का भी खुलासा हुआ है। बताते चलें कि दो अक्टूबर को अधिवक्ता बृजेश के घर से नकदी और आभूषण चोरी होने की सूचना पर पुलिस ने जांच शुरू की थी। घटना के खुलासे के लिए एसओजी और सर्विलांस टीम को भी लगाया गया। बुधवार को पुलिस ने हरदोई जिले के हरियावां थाना क्षेत्र के अरुआ निवासी सर्वेश पुत्र सकटे उर्फ सकटू और एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी का 10,180 रुपये नकद, तीन चेन, चार अंगूठियां, छह जोड़ी पायल, झुमके, बालियां, कुंडल, मंगलसूत्र का लॉकेट, टीका, बिछिया और अन्य आभूषण शामिल हैं। इसके अलावा लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति, सफेद धातु के सिक्के, 25 और 50 पैसे के पुराने सिक्के तथा आर्टिफिशियल आभूषण भी बरामद हुए हैं। आरोपियों से पूछताछ और बरामद सामान के आधार पर पांच अन्य चोरी की घटनाओं से जुड़े मामलों का भी खुलासा हुआ है। बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार सर्वेश शातिर चोर है। उसके खिलाफ फर्रुखाबाद समेत आसपास के जनपदों में दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, महिला आरोपी के खिलाफ भी करीब आधा दर्जन मुकदमे दर्ज है।
