गैसिंगपुर इंडेन प्लांट में गैस रिसाव से आग लगने की स्थिति का अभ्यास, एनडीआरएफ ने परखी बचाव की तैयारी
डीएम डॉ. अंकुर लाठर के निर्देशन में संयुक्त मॉक ड्रिल, आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई और विभागीय समन्वय पर जोर
प्रखरवाणी
फर्रुखाबाद
औद्योगिक दुर्घटनाओं से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देशन में आठवीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), गाजियाबाद और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने 12 व 13 अक्टूबर को संयुक्त मॉक ड्रिल आयोजित की। इसके तहत मंगलवार को गैसिंगपुर स्थित इंडेन बॉटलिंग प्लांट में गैस रिसाव के बाद आग लगने की काल्पनिक स्थिति बनाकर राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया गया। इससे पहले 12 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों की समन्वय बैठक कर विभागवार जिम्मेदारियां और आपात कार्रवाई की रूपरेखा तय की गई।मंगलवार सुबह 11 बजे प्लांट में गैस रिसाव और आग लगने की सूचना के आधार पर अभ्यास शुरू हुआ। सबसे पहले संबंधित एजेंसियों को सूचना देने और उनकी प्रतिक्रिया परखी गई। इसके बाद अग्निशमन दल ने आग बुझाने, बचाव दल ने प्रभावितों को सुरक्षित निकालने और चिकित्सा दल ने घायलों को उपचार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया का अभ्यास किया। साथ ही यातायात प्रबंधन, संसाधनों के उपयोग और विभागों के बीच समन्वय की भी जांच की गई।
मॉक ड्रिल में एनडीआरएफ के उप कमांडेंट डॉ. कुबेर शर्मा, निरीक्षक भीम सिंह, उप जिलाधिकारी सदर, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, सहायक मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, प्लांट के मुख्य संयंत्र प्रबंधक और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के आपदा विशेषज्ञ सहित संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। अभ्यास का उद्देश्य वास्तविक दुर्घटना के समय त्वरित राहत पहुंचाना, विभागीय तालमेल मजबूत करना और जन-धन की हानि को न्यूनतम करना रहा।
