श्रमिकों के बीच पहुंचीं डीएम, फावड़ा चलाकर परखे रोजगार कार्य; मजदूरी भुगतान का लिया फीडबैक

श्रमिकों के बीच पहुंचीं डीएम, फावड़ा चलाकर परखे रोजगार कार्य; मजदूरी भुगतान का लिया फीडबैक

बाढ़ से क्षतिग्रस्त आरआरसी सेंटर की मरम्मत के निर्देश, फार्मर रजिस्ट्री की बाधाएं दूर करने पर जोर


प्रखरवाणी 

फर्रुखाबाद

ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन और विकास कार्यों की हकीकत परखने के लिए जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने मंगलवार को राजेपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत गांधी में श्रमिकों के साथ श्रमदान किया और फावड़ा चलाकर विकास कार्यों में सहभागिता की। उन्होंने महिला श्रमिकों रामा देवी, विमला और काजल से सीधे संवाद कर रोजगार मिलने और मजदूरी भुगतान की स्थिति जानी। श्रमिकों ने बताया कि उन्हें प्रतिदिन 300 रुपये की मजदूरी खाते में मिलती है। ग्राम रोजगार सेवक ने बताया कि नौसारा से दहेलिया डामर रोड तक 937 मीटर लंबा और पांच मीटर चौड़ा मिट्टी कार्य कराया जा रहा है। इसकी अनुमानित लागत 2,54,327 रुपये है और इससे करीब 790 मानव दिवस सृजित होंगे। डीएम ने कार्य की गुणवत्ता बनाए रखते हुए इसे समय से पूरा कराने के निर्देश दिए। अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी राशिद अली ने बताया कि राजेपुर विकासखंड की 81 ग्राम पंचायतों में योजना के तहत 132 कार्य संचालित हैं।

इसके बाद डीएम ने शेराखार गोंटिया स्थित बाढ़ से क्षतिग्रस्त आरआरसी सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने तत्काल मरम्मत कराकर इसे सुचारु रूप से संचालित करने के निर्देश दिए, ताकि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्रभावित न हो। इसके बाद कमालुद्दीनपुर स्थित पंचायत भवन पहुंचकर व्यवस्थाओं की सराहना की और पंचायत सहायक अंजली देवी से ग्रामीणों को मिल रही सेवाओं की जानकारी ली। उन्हें बताया गया कि साझा सेवा केंद्र के माध्यम से 307 प्रकार की सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिनका निर्धारित शुल्क 30 रुपये है। डीएम ने जन्म-मृत्यु पंजीकरण, परिवार पहचान पत्र और फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति भी जानी। जिन किसानों ने अभी तक फार्मर रजिस्ट्री नहीं कराई है, उनसे दूरभाष पर बातचीत कर देरी के कारण और आ रही समस्याओं की जानकारी ली, ताकि उनका समाधान कराया जा सके।निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत कमालुद्दीनपुर में आरआरसी सेंटर के निर्माण में आ रही बाधा का मामला भी सामने आया। डीएम ने जिला पंचायत राज अधिकारी और उपजिलाधिकारी अमृतपुर को तत्काल समस्या का समाधान कर निर्माण कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी, जिला परियोजना निदेशक एवं उपायुक्त श्रम रोजगार, खंड विकास अधिकारी राजेपुर और उपजिलाधिकारी अमृतपुर सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। डीएम ने निर्देश दिए कि रोजगार कार्यों की नियमित निगरानी हो, श्रमिकों को समय से मजदूरी मिले और ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जाए।


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने