कायमगंज सीएचसी में मजबूत हुई स्वास्थ्य सेवाओं की तस्वीर, प्रसव से जांच तक बढ़ी सुविधाएं

कायमगंज सीएचसी में मजबूत हुई स्वास्थ्य सेवाओं की तस्वीर, प्रसव से जांच तक बढ़ी सुविधाएं

4,643 गर्भवतियों का पंजीकरण, 2,525 प्रसव और 70,394 ओपीडी; हाई रिस्क गर्भवतियों की निगरानी से लेकर 24 घंटे उपचार व्यवस्था पर जोर

प्रखरवाणी फर्रुखाबाद 

ग्रामीण क्षेत्र में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने की दिशा में सीएचसी कायमगंज की सेवाओं में लगातार विस्तार हुआ है। मातृ स्वास्थ्य, प्रसव, जांच, टीकाकरण और ओपीडी सेवाओं के आंकड़े इसकी तस्वीर सामने रखते हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय की निगरानी में अस्पताल में मरीजों को जांच और उपचार की सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध कराने के साथ सफाई, दवा की उपलब्धता और आपातकालीन सेवाओं को भी व्यवस्थित करने पर जोर दिया जा रहा है। इसका असर गर्भवती महिलाओं की देखभाल से लेकर सामान्य मरीजों के उपचार तक दिखाई दे रहा है।मातृ स्वास्थ्य सेवाओं में कायमगंज की अहम भूमिका रही है। यहां 4,668 के लक्ष्य के सापेक्ष 4,643 गर्भवती महिलाओं का एएनसी पंजीकरण हुआ, जो 99.48 प्रतिशत उपलब्धि है। कुल 2,525 प्रसव हुए, जिनमें अकेले सीएचसी कायमगंज में 1,789 प्रसव शामिल हैं। इसके अलावा सीएचसी कंपिल में 611, पीएचसी में 23 और उपकेंद्रों पर 102 प्रसव हुए। 129 हाई रिस्क गर्भवतियों को चिन्हित कर उनकी विशेष निगरानी की जा रही है, ताकि जटिल गर्भावस्था में समय रहते उपचार और जरूरत पड़ने पर रेफरल की व्यवस्था की जा सके। सीएचसी में दो महिला चिकित्सकों की उपलब्धता से गर्भवती महिलाओं और महिला मरीजों को परामर्श में भी सुविधा मिल रही है। चार सी-सेक्शन, 26 महिला और दो पुरुष नसबंदी भी दर्ज की गई हैं।जांच सुविधाओं के विस्तार से मरीजों की बाहर निर्भरता कम करने का प्रयास हुआ है। सीएचसी में 4,007 एक्स-रे के साथ 3,126 मलेरिया, 3,204 विडाल, 520 डेंगू, 100 चिकनगुनिया और 7,347 सीबीसी जांच की गईं। नई डेंटल सर्जन की तैनाती से दांत और मुंह से जुड़ी समस्याओं के उपचार की सुविधा भी स्थानीय स्तर पर बढ़ी है। अस्पताल की ओपीडी में 70,394 मरीज पहुंचे, जबकि 4,994 मरीजों को भर्ती कर उपचार दिया गया। बच्चों के पूर्ण टीकाकरण में 4,168 के लक्ष्य के सापेक्ष 3,792 बच्चों का टीकाकरण हुआ, जो 91 प्रतिशत उपलब्धि है। टीबी नियंत्रण और एचआईवी स्क्रीनिंग समेत अन्य सेवाओं पर भी निगरानी रखी जा रही है। अस्पताल परिसर स्थित जन औषधि केंद्र से मरीजों को किफायती दरों पर दवाएं उपलब्ध कराने की सुविधा है। आपात स्थिति में समय पर उपचार और जरूरत पड़ने पर रेफरल के लिए 24 घंटे चिकित्सा व्यवस्था को सक्रिय रखने पर भी जोर दिया जा रहा है। इन प्रयासों से कायमगंज सीएचसी आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के लिए उपचार के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में अपनी भूमिका मजबूत कर रहा है। 

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने