सरदार पटेल की 151वीं जयंती पर मनाया गया राष्ट्रीय एकता दिवस, जनपद के सभी थानों में भी हुए आयोजन
प्रखरवाणी
फर्रुखाबाद
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर शनिवार को पुलिस विभाग की ओर से राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने पुलिसकर्मियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करने की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी को राष्ट्र की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूर्ण निष्ठा और समर्पण भाव से अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प दिलाया।
इस दौरान सरदार वल्लभभाई पटेल के व्यक्तित्व, आदर्शों और राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया गया। उनके दृढ़ संकल्प, दूरदर्शिता और मजबूत नेतृत्व के माध्यम से देशी रियासतों के एकीकरण तथा अखंड भारत के निर्माण में निभाई गई ऐतिहासिक भूमिका का स्मरण किया गया। पुलिस अधीक्षक ने राष्ट्रीय एकता के महत्व को रेखांकित करते हुए देश की एकता और अखंडता बनाए रखने के प्रति प्रतिबद्ध रहने का संदेश दिया।
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर जनपद के सभी थानों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। यहां पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ ली। पुलिसकर्मियों ने देश की संप्रभुता की रक्षा करने, आंतरिक सुरक्षा को मजबूत बनाए रखने तथा अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से पालन करने का संकल्प दोहराया। इस दौरान पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सरदार पटेल के आदर्शों को अपने कार्य व्यवहार में अपनाने का भी संकल्प लिया।

