प्रखरवाणी
फर्रुखाबाद
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके व्यक्तित्व, विचारों और राष्ट्र निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान का स्मरण किया।
अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद देशी रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत की नींव मजबूत करने में सरदार वल्लभभाई पटेल की ऐतिहासिक भूमिका रही। उनके दृढ़ संकल्प, दूरदर्शिता और कुशल नेतृत्व ने देश की एकता एवं अखंडता को नई मजबूती प्रदान की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा के प्रति अपने दायित्वों को याद करने का अवसर है। सरदार पटेल के आदर्शों को आत्मसात कर आपसी सद्भाव, भाईचारे और सामाजिक समरसता को मजबूत बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है।इसके बाद अपर जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की सामूहिक शपथ दिलाई। सभी ने देश की एकता की रक्षा करने, नागरिकों के बीच आपसी भाईचारा एवं सद्भाव बढ़ाने और राष्ट्र की आंतरिक सुरक्षा में योगदान देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार सहित कलेक्ट्रेट के विभिन्न अनुभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

