पाइपलाइन के लिए खोदी सड़कें नहीं हुईं दुरुस्त तो दें सूचना, जल निगम कराएगा मरम्मत

10 नवंबर तक चलेगा सड़क पुनर्स्थापना अभियान, टोल फ्री नंबर और ऐप के जरिए भी दर्ज करा सकते हैं शिकायत...

प्रखरवाणी  ब्यूरो 

फर्रुखाबाद

ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों को दुरुस्त कराने के लिए जल निगम ग्रामीण ने अभियान शुरू किया है। एक अक्टूबर से 10 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत जिले में अब तक 1,641 किलोमीटर खोदी गई सड़कों में से 1,617 किलोमीटर की मरम्मत कराई जा चुकी है, जबकि शेष सड़कों को दुरुस्त कराने की प्रक्रिया जारी है। इसके बावजूद यदि किसी गांव में पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क की मरम्मत नहीं हुई है, तो ग्रामीण इसकी सूचना विभाग को दे सकते हैं। इसके लिए टोल फ्री नंबर 1800-121-2164 पर शिकायत दर्ज कराने के साथ जल समाधान ऐप और आईजीआरएस पोर्टल का भी उपयोग किया जा सकता है। वहीं, जलसारथी ऐप के माध्यम से क्षतिग्रस्त सड़क की फोटो या वीडियो अपलोड कर समस्या विभाग तक पहुंचाने की सुविधा भी दी गई है, जिससे संबंधित अधिकारियों के स्तर से कार्रवाई की जा सके।

जल निगम ग्रामीण के अधिशासी अभियंता मोहम्मद कासिम हाशमी ने बताया कि पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों को जल्द से जल्द दुरुस्त कराना विभाग की प्राथमिकता है, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी न हो। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि यदि उनके क्षेत्र में सड़क अब तक क्षतिग्रस्त है, तो इसकी सूचना विभाग को अवश्य दें, जिससे अभियान के दौरान मरम्मत की कार्रवाई कराई जा सके।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने