खिमसेपुर औद्योगिक क्षेत्र में तड़के लगी आग ने लिया विकराल रूप, छह फायर टेंडर और दो जेसीबी की मदद से बुझाई गई आग; कोई जनहानि नहीं..
प्रखरवाणी ब्यूरो
फर्रुखाबाद
खिमसेपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित टायर स्क्रैप फैक्ट्री में सोमवार तड़के लगी भीषण आग पर काबू पाने के लिए अग्निशमन कर्मियों को करीब 10 घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। सुबह करीब 4:05 बजे आग लगने की सूचना मिलते ही फतेहगढ़ से तीन और संकिसा में ड्यूटी पर तैनात एक फायर टेंडर को मौके पर रवाना किया गया। आग की भयावहता को देखते हुए मैनपुरी और कन्नौज से भी एक-एक फायर टेंडर बुलाया गया। देखते ही देखते आग पूरे फैक्ट्री परिसर में फैल गई। टायर स्क्रैप की अधिक मात्रा और उसकी ज्वलनशील प्रकृति ने आग बुझाने की चुनौती और बढ़ा दी। अग्निशमन कर्मियों ने छह फायर टेंडर की मदद से फैक्ट्री को चारों ओर से घेरकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। लगातार प्रयासों के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जा सका। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और न ही किसी के घायल होने की सूचना है।
फैक्ट्री में जल रहे टायरों से उठते जहरीले धुएं के बीच अग्निशमन कर्मियों ने ब्रीदिंग ऑपरेटस सेट का इस्तेमाल कर मोर्चा संभाले रखा। आग के भीतर सुलग रहे टायर स्क्रैप तक पहुंचना और लपटों को दोबारा उठने से रोकना अभियान का सबसे चुनौतीपूर्ण हिस्सा रहा। इसके लिए दो जेसीबी की मदद से जलते हुए टायरों को हटवाया गया और अंदरूनी हिस्सों में पानी डालकर आग बुझाने की कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान पास की दूसरी फैक्ट्री और कोल्ड स्टोरेज से भी लगातार पानी की आपूर्ति की गई। विभिन्न जनपदों से पहुंचे अग्निशमन वाहनों और कर्मियों ने आपसी समन्वय से काम करते हुए आग को फैलने से रोकने और पूरी तरह बुझाने पर जोर दिया। मौके पर मौजूद पुलिस बल के साथ भी समन्वय बनाए रखा गया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुभाष कुमार के निर्देशन और अग्निशमन केंद्र प्रभारी प्रांशु अवस्थी के नेतृत्व में चले अभियान में लीडिंग फायरमैन विनोद कुमार और कन्नौज के ओमवीर सिंह समेत छह चालक और 16 फायरमैन जुटे रहे। करीब 10 घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाने के उपरांत भी टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अंदर सुलग रहे पदार्थों को बुझाकर दोबारा आग भड़कने की आशंका दूर करने का प्रयास किया। मौके पर मोहम्मदाबाद थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। कठिन परिस्थितियों और जहरीले धुएं के बीच अग्निशमन कर्मियों की सतर्कता, साहस और समन्वित कार्रवाई से भीषण अग्निकांड पर नियंत्रण पाया जा सका।
