बढ़पुर में विप्लव पार्टी का नौवां जनता संवाद केंद्र खुला, रजत कठेरिया को मिली जिम्मेदारी
राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अरविंद गुप्ता ने किया उद्घाटन, स्थानीय लोगों से निरंतर संवाद बनाए रखने पर जोर
प्रखरवाणी (फर्रुखाबाद)
फर्रुखाबाद विधानसभा क्षेत्र में विप्लव पार्टी की ओर से जनसंपर्क गतिविधियों के तहत बढ़पुर स्थित बैरिस्टर गली में नौवें जनता संवाद केंद्र का उद्घाटन किया गया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अरविंद गुप्ता ने फीता काटकर कार्यालय का शुभारंभ किया। इस दौरान रजत कठेरिया को कार्यालय प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई। पार्टी पदाधिकारियों ने बताया कि केंद्र के माध्यम से क्षेत्रीय लोगों की समस्याओं और सुझावों को सामने लाने का प्रयास किया जाएगा।
डॉ. अरविंद गुप्ता ने कहा कि चुनाव से पहले खोले जा रहे जनता संवाद केंद्रों का उद्देश्य लोगों से सीधे संपर्क बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि पार्टी की सरकार बनने की स्थिति में इन केंद्रों को समाधान केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के लिए संबंधित कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कार्यालय प्रभारी से क्षेत्र के लोगों के साथ नियमित संवाद रखने और उनकी समस्याओं को पार्टी स्तर पर उठाने को कहा।
कार्यक्रम में स्थानीय लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र की समस्याओं को लेकर अपने विचार रखे। पार्टी की ओर से शहर की व्यवस्थाओं और विकास से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की बात कही गई। उद्घाटन अवसर पर गौरव शेखर, प्रभु दयाल कठेरिया, रोहित कठेरिया, अग्निवेश कठेरिया, लल्लन गुप्ता और बबली गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।