छात्र-छात्राओं ने दिखाई विकसित भारत की तस्वीर, डीआईओएस ने बढ़ाया हौसला
प्रखरवाणी (फर्रुखाबाद)
विकसित भारत-2047 के सपने को छात्र-छात्राओं ने पोस्टर, चित्रों, भाषण और ज्ञान की कसौटी पर अपने अंदाज में सामने रखा। पीएम श्री महीयसी महादेवी वर्मा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज फतेहगढ़ में माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘विकसित भारत-2047 : मेरे सपनों का भारत’ विषय पर जनपद स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार की देखरेख में हुए आयोजन में छात्र-छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता और विचारों के जरिए भविष्य के भारत की तस्वीर प्रस्तुत की। सांसद मुकेश राजपूत ने प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।
सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि प्रत्येक छात्र-छात्रा में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है। जरूरत उस प्रतिभा को पहचानकर उसे सही दिशा देने की है। आत्मविश्वास, मेहनत और दृढ़ संकल्प के साथ युवा न केवल अपने भविष्य को बेहतर बना सकते हैं, बल्कि विकसित भारत के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर ने विद्यार्थियों को विकसित भारत के संकल्प से जुड़ने के लिए प्रेरित किया, जबकि कायमगंज विधायक डॉ. सुरभि ने जल और पर्यावरण संरक्षण को विकसित भारत के लक्ष्य से जोड़ते हुए जागरूकता पर जोर दिया।डीआईओएस संजीव कुमार ने प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मंच विद्यार्थियों की प्रतिभा को सामने लाने के साथ उनमें आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं। क्विज, भाषण और चित्रकला प्रतियोगिताओं में विभिन्न विद्यालयों से आए विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रत्येक प्रतियोगिता में पांच-पांच उत्कृष्ट प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। क्विज में सूर्यप्रताप सिंह चौहान, उत्कर्ष मिश्रा, निमिष कुमार मिश्रा, अनिकेत और सिद्धिका, भाषण में स्वाति अवस्थी, अपराजिता, पल्लवी, मानवी और नैमिष मिश्रा ने स्थान बनाया।
चित्रकला के सीनियर वर्ग में जैनब उस्मानी, ऋषु, आयुष, मोहम्मद जयाद और प्रिया तथा जूनियर वर्ग में यशी शाक्य, अंशिका यादव, अना, अनुष्का और अनत सक्सेना को सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य दीपिका राजपूत ने आयोजन में सहयोग के लिए सभी का आभार जताया। निर्णायक मंडल में पंकज शुक्ला, सरिता त्रिवेदी, सुधीर कुमार पाल, शैलजा मौर्य, निर्मला सिंह और प्रदीप जायसवाल शामिल रहे। संचालन शैलजा मौर्य ने किया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और कर्मचारियों का सहयोग रहा।