कोबरा सांप के डसने से एक वर्षीय मासूम की मौत, घर में मचा कोहराम

राजेपुर में दर्दनाक हादसा, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित; बेटे की मौत से बेसुध हुई मां, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

प्रखरवाणी  ब्यूरो

राजेपुर, फर्रुखाबाद।

घर में खेल रहे एक वर्षीय मासूम की कथित तौर पर कोबरा सांप के डसने से मौत हो गई। सोमवार को हुए इस दर्दनाक हादसे ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। परिजन बच्चे को बचाने के लिए आनन-फानन में लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। बेटे को खोने के गम में मां पिंकी बदहवास होकर बेहोश हो गईं। घटना से पूरे राजेपुर कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई।जानकारी के अनुसार, राजेपुर कस्बा निवासी आरजू पाल ‘ओम ब्रांडेड शू’ नाम से दुकान चलाते हैं। उनका एक वर्षीय बेटा आरव सोमवार सुबह करीब 10 बजे घर में खेल रहा था। उस समय उसकी मां पिंकी रसोई में खाना बना रही थीं। बताया जा रहा है कि इसी दौरान कथित तौर पर कोबरा सांप ने मासूम के हाथ में डस लिया। करीब 20 मिनट बाद बच्चे की हालत बिगड़ने लगी और वह बेहोश होकर जमीन पर गिरने लगा। इसके बाद परिजनों को घटना की जानकारी हुई।मासूम की हालत देखकर परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। वे तत्काल बच्चे को निजी वाहन से लोहिया अस्पताल लेकर दौड़े, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिस मासूम की किलकारियों से घर गूंजता था, उसकी मौत की खबर ने परिवार को तोड़कर रख दिया।बेटे की मौत का सदमा मां पिंकी बर्दाश्त नहीं कर सकीं। उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया और वह गम में बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ीं। परिवार के अन्य सदस्यों का भी रो-रोकर बुरा हाल रहा। आरजू पाल के एक बेटी और दो बेटे हैं। तीन बच्चों में सबसे छोटे आरव की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में परिवार को सांत्वना देने पहुंचे। पूरे कस्बे में इस दर्दनाक हादसे को लेकर मातम का माहौल है। हालांकि, सांप की प्रजाति और मौत के सटीक कारण की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने