*पुलिस अधीक्षक ने परेड की सलामी लेकर परखा जवानों का अनुशासन*
प्रखर वाणी ब्यूरो
फर्रुखाबाद
पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ आरती सिंह ने शुक्रवार को पुलिस लाइन के मैदान में साप्ताहिक परेड की सलामी ली। इसके बाद उन्होंने परेड का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों की वर्दी, टर्नआउट और अनुशासन का जायजा लिया। परेड में जवानों की शारीरिक दक्षता और एकरूपता पर विशेष ध्यान दिया गया।
परेड के दौरान पुलिसकर्मियों को ड्रिल और अनुशासनात्मक अभ्यास कराया गया। पुलिस अधीक्षक ने जवानों को नियमित अभ्यास के माध्यम से शारीरिक रूप से चुस्त-दुरुस्त रहने और ड्यूटी के दौरान अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस बल की कार्यक्षमता और तत्परता बनाए रखने पर जोर दिया।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन परिसर स्थित डायल-112, परिवहन शाखा, मेस और क्वार्टर गार्ड सहित विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित शाखाओं में उपलब्ध व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली का जायजा लेते हुए आवश्यक बिंदुओं पर जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने तथा अपने दायित्वों का जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित बनाए रखने और पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।