विशेष रोजगार सृजन दिवस पर फर्रुखाबाद ने हासिल किया 29 हजार मानव दिवस का लक्ष्य
ग्राम पंचायतों में पहुंचे नोडल अधिकारियों ने परखी कार्यों की प्रगति, डीएम के निर्देश पर हुई निगरानी
प्रखरवाणी फर्रुखाबाद
ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से बीबी जी राम जी योजना के अंतर्गत आयोजित विशेष रोजगार सृजन दिवस पर फर्रुखाबाद ने 29 हजार मानव दिवस का निर्धारित लक्ष्य पूरा कर लिया। अभियान के दौरान अधिक से अधिक श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने और ग्राम पंचायत स्तर पर संचालित कार्यों की प्रगति पर विशेष ध्यान दिया गया। लक्ष्य की पूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जनपद से लेकर विकासखंड स्तर तक अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई थी।शासन की ओर से नामित नोडल अधिकारियों ने विभिन्न विकासखंडों की ग्राम पंचायतों में पहुंचकर अभियान की गतिविधियों का जायजा लिया। परियोजना निदेशक एवं उपायुक्त श्रम रोजगार ने कमालगंज विकासखंड की कुंदन गणेशपुर, सितौली, ताजपुर और अहिमलापुर ग्राम पंचायतों में निरीक्षण कर रोजगार सृजन से जुड़े कार्यों की प्रगति देखी। वहीं, जिला विकास अधिकारी एवं उपायुक्त स्वतः रोजगार ने राजेपुर विकासखंड की डाबरी, बिलालपुर, त्रिकुटा, गांधी, उजरामऊ और नया गांव ग्राम पंचायतों में पहुंचकर अभियान की निगरानी की। दोनों अधिकारियों को अलग-अलग विकासखंडों में अभियान के प्रभावी संचालन और निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति की जिम्मेदारी दी गई थी।
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्धारित मानव दिवस का लक्ष्य पूरा कराने के निर्देश दिए थे, जबकि मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ ने पूरे अभियान का पर्यवेक्षण और अनुश्रवण किया। अधिकारियों की निगरानी और ग्राम पंचायत स्तर पर किए गए प्रयासों के परिणामस्वरूप जनपद ने 29 हजार मानव दिवस का लक्ष्य हासिल किया। प्रशासन की ओर से अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन को बढ़ावा देने और योजना के तहत श्रमिकों को काम उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
