प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बनासकांठा से किया धनराशि का हस्तांतरण, विकास भवन में किसानों ने देखा सजीव प्रसारण....
प्रखरवाणी ब्यूरो
फर्रुखाबाद
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा से जारी की। इस अवसर पर विकास भवन सभागार में कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विकासखंडों से पहुंचे किसानों ने प्रधानमंत्री का संबोधन सुना और किस्त हस्तांतरण की प्रक्रिया देखी। जनपद के किसानों को योजना के तहत अब तक 24 किस्तों में कुल 939 करोड़ 82 लाख रुपये सीधे उनके बैंक खातों में भेजे जा चुके हैं।
उप कृषि निदेशक अरविंद मोहन मिश्र ने बताया कि योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को प्रतिवर्ष तीन किस्तों में छह हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, परियोजना निदेशक कपिल कुमार सहित कृषि विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। प्रसारण की व्यवस्था विकास भवन के अलावा विकासखंडों, कृषि विज्ञान केंद्र, राजकीय कृषि बीज भंडार और ग्राम पंचायत स्तर पर भी की गई, जहां किसानों ने कार्यक्रम में भाग लिया।
