डीएम डॉ. अंकुर लाठर और एसपी आरती सिंह ने किया संयुक्त निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में लापरवाही न बरतने के निर्देश.
प्रखरवाणी ब्यूरो
फर्रुखाबाद
86वें बौद्ध महोत्सव संकिसा के आयोजन को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह ने सोमवार रात 11 बजे धम्मालोको बौद्ध विहार परिसर का संयुक्त निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, आवागमन और भीड़ प्रबंधन से जुड़ी तैयारियों को परखा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और आवागमन के मार्गों को व्यवस्थित रखने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सभी आवश्यक इंतजाम पहले से दुरुस्त रखे जाएं, जिससे आवागमन सुचारु बना रहे और अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो। साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने तथा किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी सतर्कता से ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने भीड़ नियंत्रण, यातायात, पार्किंग तथा प्रवेश और निकास मार्गों पर निगरानी बनाए रखने को कहा। साथ ही मेला परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी रखने तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है।
डीएम और एसपी ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और मेले की व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम वातावरण उपलब्ध कराया जाए तथा व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी सदर संजय कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
