फरियादियों की समस्याओं पर डीएम सख्त, अधिकारियों को समयसीमा में समाधान के निर्देश

जनता दर्शन में एक-एक शिकायत सुनी, लापरवाही बरतने वालों को दी जवाबदेही की हिदायत

प्रखर वाणी ब्यूरो
फर्रुखाबाद।

जनता की समस्याओं के निस्तारण में लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं होगी। गुरुवार को जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने जनता दर्शन में पहुंचे फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जनता दर्शन के दौरान डीएम ने शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित प्रकरणों की वास्तविक स्थिति समझते हुए अधिकारियों से कार्रवाई के संबंध में जानकारी ली। जिलाधिकारी ने कहा कि आमजन की शिकायतों का समाधान प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण निर्धारित समयसीमा के भीतर किया जाए। शिकायतों का समाधान केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि मौके की वास्तविक स्थिति की जांच कर गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

डीएम ने स्पष्ट किया कि फरियादियों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसके लिए अधिकारी शिकायतों को गंभीरता से लें और जवाबदेही के साथ उनका निस्तारण करें। जनता दर्शन के माध्यम से प्रशासन ने आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशील और जवाबदेह व्यवस्था का संदेश दिया।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने