डीपीआरओ अविनाश चंद्र की भूमिका पर उठे गंभीर सवाल, बिना कथित चढ़ावे के नहीं होते काम
प्रखरवाणी फर्रुखाबाद,,,जनपद का जिला पंचायत राज विभाग इन दिनों कथित भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी को लेकर चर्चा में है। ग्राम पंचायतों में सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने वाले सरकारी सफाई कर्मियों ने नियमों को मानो ताक पर रख दिया है। आरोप है कि अधिकांश ग्राम पंचायतों में तैनात सफाई कर्मी स्वयं अपने कार्यस्थल पर पहुंचने के बजाय अपनी जगह निजी लोगों से सफाई का काम करा रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि यह सब कथित तौर पर लंबे समय से चल रहा है, लेकिन विकास खंडों के सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) और जिला पंचायत राज अधिकारी अविनाश चंद्र की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर सरकारी वेतन लेने वाले सफाई कर्मियों की जगह दूसरे लोग काम कैसे कर रहे हैं और विभागीय अधिकारियों को इसकी भनक तक क्यों नहीं लग रही?विश्वसनीय सूत्रों और विभाग में कार्यरत कुछ सफाई कर्मियों का दावा है कि डीपीआरओ कार्यालय में कथित कमीशन का ऐसा तंत्र चल रहा है, जिसके चलते सफाई कर्मियों को अपनी जगह दूसरे व्यक्ति से काम कराने की छूट मिल जाती है। आरोप है कि इसके बदले कथित तौर पर कमीशन कार्यालय तक पहुंचाया जाता है। सूत्रों की मानें तो पहले यह स्थिति इतनी गंभीर नहीं थी, लेकिन अब कथित कमीशनखोरी का दबाव बढ़ गया है। विकास भवन स्थित डीपीआरओ कार्यालय में कार्यरत एक कर्मचारी ने नाम प्रकाशित न करने की शर्त पर बताया कि यहां बिना पैसे दिए काम कराना मुश्किल हो गया है। कर्मचारी के इस दावे ने कार्यालय की कार्यप्रणाली पर और गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि कार्यालय में वास्तव में बिना पैसे के काम नहीं हो रहे हैं तो इसकी जिम्मेदारी आखिर किसकी है? डीपीआरओ अविनाश चंद्र के कार्यकाल में कथित तौर पर पनप रहे इस तंत्र की जवाबदेही तय होना जरूरी है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि सफाई कर्मियों की जगह निजी व्यक्ति गांवों में काम कर रहे हैं तो सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) और डीपीआरओ कार्यालय की निगरानी व्यवस्था क्या कर रही है? क्या सफाई कर्मियों की उपस्थिति केवल कागजों में दर्ज हो रही है? क्या सरकारी वेतन लेने वाले कर्मचारियों की वास्तविक कार्यस्थल पर मौजूदगी जांचने की जिम्मेदारी किसी की नहीं है? जिला पंचायत राज अधिकारी अविनाश चंद्र के कार्यालय पर लग रहे कमीशनखोरी के आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। विकास भवन में संचालित इस कार्यालय की कार्यप्रणाली की जांच कर यह स्पष्ट किया जाना जरूरी है कि सफाई कर्मियों की मनमानी के पीछे विभागीय लापरवाही है या कथित संरक्षण का कोई खेल। प्रखरवाणी न्यूज इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता, लेकिन सामने आ रही शिकायतों को नजरअंदाज करना भी विभागीय जिम्मेदारियों से मुंह मोड़ने जैसा होगा।
