दो बार आई बाढ़ ने तोड़ी नासा पुलिया की कमर, मरम्मत के इंतजार में ग्रामीण; जिम्मेदारों की नहीं खुली नींद

बाढ़ का पानी उतरने के बाद भी नहीं ली गई सुध, हादसे को दावत दे रही क्षतिग्रस्त पुलिया, ग्रामीणों ने उठाई मरम्मत की मांग

राजेपुर (फर्रुखाबाद)। दो बार आई बाढ़ ने ग्राम पंचायत भुड़िया भेड़ा स्थित नासा पुलिया को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। बाढ़ का पानी उतरने के काफी समय बाद भी पुलिया की मरम्मत नहीं कराई गई है। जिम्मेदार विभाग की अनदेखी के चलते ग्रामीणों को रोजाना आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षतिग्रस्त पुलिया अब हादसों को न्योता दे रही है, लेकिन अब तक इसकी मरम्मत को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

ग्रामीणों के मुताबिक, गंगा में आई बाढ़ के दौरान पानी के तेज बहाव से नासा पुलिया को काफी नुकसान पहुंचा था। इसके बाद दोबारा आई बाढ़ ने पुलिया की हालत और खराब कर दी। ग्रामीणों को उम्मीद थी कि बाढ़ का पानी उतरने के बाद संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य शुरू कराएंगे, लेकिन अब तक स्थिति जस की तस बनी हुई है।

पुलिया क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों, किसानों और राहगीरों को आने-जाने में दिक्कत हो रही है। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग गुजरते हैं। सबसे ज्यादा परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को उठानी पड़ रही है। उन्हें जान जोखिम में डालकर क्षतिग्रस्त रास्ते से निकलना पड़ता है। ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार समस्याओं के बावजूद पुलिया की मरम्मत नहीं कराई गई। यदि समय रहते मरम्मत नहीं हुई तो आने वाले दिनों में आवागमन की समस्या और गंभीर हो सकती है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और जिला प्रशासन से नासा पुलिया का स्थलीय निरीक्षण कराकर जल्द मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की है। अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी ग्रामीणों की इस समस्या पर कब तक ध्यान देते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने