कई बार मरम्मत के बाद भी नहीं सुधरी हालत, एनएचएआई की अनदेखी से लग रहा जाम; बड़ा हादसा हुआ तो जिम्मेदार कौन?
प्रखरवाणी फर्रुखाबाद
पांचाल घाट पर सोमवार को होने वाली छठ पूजा को लेकर प्रशासन तैयारियों में जुटा है। पर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है, लेकिन इसी मार्ग पर बने पुल के खुले ज्वाइंट लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बने हुए हैं। पुल से रोजाना हजारों वाहनों का आवागमन होता है। ज्वाइंट खुले होने से वाहनों की रफ्तार प्रभावित होती है और अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। इसके बावजूद एनएचएआई के अधिकारी समस्या को लेकर उदासीन बने हुए हैं।
पुल के ज्वाइंट इतने बड़े हो चुके हैं कि दोपहिया वाहन चालकों के लिए यहां से गुजरना जोखिम भरा हो गया है। ज्वाइंट के पास सुरक्षा के लिहाज से डिवाइडर रखे गए हैं, लेकिन यह व्यवस्था समस्या का समाधान नहीं है। छठ पूजा पर जब श्रद्धालुओं और वाहनों की आवाजाही बढ़ेगी, तब पुल पर यातायात का दबाव भी बढ़ना तय है। ऐसे में खुले ज्वाइंट किसी बड़े हादसे की वजह बन सकते हैं। सवाल है कि पर्व से पहले जब प्रशासन घाट पर सुरक्षा इंतजाम कर रहा है, तब एनएचएआई को पुल की यह खतरनाक स्थिति क्यों नजर नहीं आ रही?सबसे गंभीर पहलू यह है कि पिछले एक साल में कई बार पुल के ज्वाइंट की मरम्मत कराई जा चुकी है, लेकिन मरम्मत के दूसरे दिन ही ज्वाइंट फिर खुल जाते हैं। इससे मरम्मत कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। बार-बार मरम्मत के नाम पर काम तो होता है, लेकिन समस्या जस की तस बनी रहती है। मरम्मत के दौरान पुल पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है और लंबा जाम लग जाता है। आखिर ऐसी मरम्मत का क्या फायदा, जिसका असर एक-दो दिन भी कायम नहीं रह पाता?
यह पुल इटावा-बरेली हाईवे-730सी पर स्थित है और बरेली, बदायूं, हरदोई, शाहजहांपुर व पीलीभीत समेत कई जिलों को जोड़ता है। करीब 50 साल पुराने इस पुल से प्रतिदिन 20 हजार से अधिक वाहन गुजरते हैं। इतनी बड़ी संख्या में वाहनों की आवाजाही के बावजूद पुल के ज्वाइंट की समस्या का स्थायी समाधान नहीं होना जिम्मेदार विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। पुल से गुजरने वाले वाहन चालकों को हर दिन खतरे के बीच सफर करना पड़ रहा है। इसके बावजूद अधिकारियों की ओर से कोई ठोस पहल दिखाई नहीं दे रही।
अब सवाल यह है कि एनएचएआई के अधिकारी आखिर किस हादसे का इंतजार कर रहे हैं? क्या पुल पर किसी बड़ी दुर्घटना के बाद ही जिम्मेदारों की नींद टूटेगी? बार-बार मरम्मत के बावजूद ज्वाइंट खुलने पर उसकी गुणवत्ता और जिम्मेदारी तय क्यों नहीं की जा रही? यदि समय रहते समस्या का स्थायी समाधान नहीं कराया गया और कोई बड़ा हादसा हो गया तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? छठ पूजा से पहले पुल की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है। केवल डिवाइडर रखकर या अस्थायी मरम्मत कराकर जिम्मेदारी से बचने के बजाय एनएचएआई को तत्काल ठोस कार्रवाई करनी चाहिए।
