फर्रुखाबाद में कथित अवैध मिट्टी खनन का मामला: रात के अंधेरे में बेखौफ दौड़ रहे मिट्टी से भरे ट्रैक्टर, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप

रखा दरगाह के सामने गली से जिला जेल चौराहे की ओर गुजरते दिखे ट्रैक्टर; मोटी रकम देकर खनन कराने के आरोप, अधिकारियों से तत्काल जांच और कार्रवाई की मांग


प्रखर वाणी ब्यूरो 
फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र में कथित अवैध मिट्टी खनन का मामला सामने आने से पुलिस और खनन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। रखा दरगाह के सामने स्थित गली में रात के अंधेरे में मिट्टी का उठान किए जाने का आरोप है। बताया जा रहा है कि रात करीब 11:30 बजे तक मिट्टी से भरे ट्रैक्टर जिला जेल चौराहे की तरफ से गुजर रहे थे। इस दौरान ट्रैक्टरों के आवागमन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

आरोप है कि रात के अंधेरे में बिना किसी भय के मिट्टी से भरे ट्रैक्टर सड़कों पर दौड़ाए जा रहे हैं। स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि कथित तौर पर मोटी रकम देकर यह पूरा खेल संचालित किया जा रहा है। यदि मिट्टी खनन की अनुमति दी गई है, तो उसकी शर्तें क्या हैं और रात के समय मिट्टी का उठान किस नियम के तहत किया जा रहा है? वहीं, यदि खनन अवैध है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
मामले ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर किसके संरक्षण में यह कथित खनन हो रहा है? क्या संबंधित विभागों को इसकी जानकारी नहीं है या फिर शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं की जा रही है?

मामले की जानकारी मिलने पर सीओ सिटी अभय वर्मा ने तत्काल फतेहगढ़ कोतवाली प्रभारी को सूचना दी। अब पुलिस और खनन विभाग की जिम्मेदारी है कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर मौके की जांच करें और मिट्टी के खनन, परिवहन तथा अनुमति से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल करें।

प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग

मामले में अधिकारियों से मांग है कि वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच कराई जाए, मिट्टी से भरे ट्रैक्टरों की पहचान की जाए और खनन की वैधता की पुष्टि की जाए। यदि नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही, यह भी स्पष्ट किया जाए कि रात के समय मिट्टी का उठान किसकी अनुमति से किया जा रहा था।

अब देखना होगा कि वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस और खनन विभाग कितनी तत्परता से कार्रवाई करते हैं और कथित अवैध खनन के इस मामले में जिम्मेदार लोगों पर क्या कदम उठाए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने