पाइपलाइन के लिए खोदी सड़क नहीं बनी तो जल सारथी ऐप पर करें शिकायत

पाइपलाइन के लिए खोदी सड़क नहीं बनी तो जल सारथी ऐप पर करें शिकायत



1641 किलोमीटर सड़क खोदी गई, 1617 किलोमीटर की कराई गई पुनर्स्थापना; फोटो-वीडियो अपलोड कर ग्रामीण दर्ज करा सकेंगे शिकायत


प्रखरवानी न्यूज़ फर्रुखाबाद




 ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल पाइपलाइन बिछाने के नाम पर खोदी गई सड़कों की मरम्मत नहीं होने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है तो अब इसकी शिकायत सीधे जल सारथी ऐप पर की जा सकेगी। ग्रामीण क्षतिग्रस्त सड़क की मौके से फोटो और वीडियो अपलोड कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारियों को सड़क की स्थिति की जांच कर पुनर्स्थापना की कार्रवाई करनी होगी। जिले में पेयजल योजनाओं के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए करीब 1641 किलोमीटर सड़क खोदी गई थी, जिसमें से अब तक 1617 किलोमीटर सड़कों की मरम्मत कराई जा चुकी है। शेष सड़कों को भी निर्धारित मानकों के अनुरूप दुरुस्त कराने की कार्रवाई की जा रही है। सड़क खोदने के बाद उसे पूर्व स्थिति में बहाल करना संबंधित कार्यदायी एजेंसियों की जिम्मेदारी है। इसके लिए अधिकारियों को नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पाइपलाइन बिछाने के बाद ग्रामीणों को खराब रास्तों से न गुजरना पड़े।सड़क पुनर्स्थापना में लापरवाही और घटिया निर्माण की शिकायत मिलने पर संबंधित एजेंसी के साथ जिम्मेदार अभियंता की जवाबदेही भी तय की जाएगी। कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। अधिशासी अभियंता कासिम हाशमी ने बताया कि जिन ग्रामीण क्षेत्रों में अभी तक पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित नहीं हो सकी है, वहां लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जा रहा है। पाइपलाइन बिछाने के साथ सड़कों की पुनर्स्थापना पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ग्रामीण जल सारथी ऐप पर क्षतिग्रस्त सड़क की फोटो और वीडियो अपलोड कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके बाद संबंधित अधिकारियों द्वारा शिकायत की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने