18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं और छूटे मतदाताओं के पंजीकरण के लिए विशेष अभियान, 21, 22, 28 व 29 नवंबर को बूथों पर मिलेंगे बीएलओ....
प्रखरवाणी फर्रुखाबाद..... मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के साथ कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे। इसके लिए अधिकारी पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी से अभियान चलाकर शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित कराएं। विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं और अब तक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे नागरिकों को चिह्नित कर उनका नाम सूची में शामिल कराया जाए। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए ये निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर मंगलवार को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी, जबकि अंतिम मतदाता सूची चार जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी।
डीएम ने बताया कि जनपद की चारों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 1,605 मतदेय स्थल हैं। प्रारूप मतदाता सूची में 11,87,068 मतदाता दर्ज हैं, जिनमें 6,55,725 पुरुष, 5,31,320 महिलाएं और 23 अन्य मतदाता शामिल हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं का फार्म-6 भरवाकर पंजीकरण कराया जाए। इसके लिए 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए गए हैं। इन दिनों सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ उपस्थित रहकर दावे और आपत्तियां प्राप्त करेंगे। बूथों पर फार्म-6, फार्म-7 और फार्म-8 भी उपलब्ध रहेंगे। डीएम ने राजनीतिक दलों से अपने बूथ लेवल एजेंटों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कराने की अपील की, ताकि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन की प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से पूरी हो सके।
जिलाधिकारी ने अभियान को प्रभावी बनाने के लिए शहरी निकाय और पंचायत मतदाता सूचियों से मिलान कर छूटे पात्र मतदाताओं को चिह्नित करने के निर्देश दिए। उन्होंने राशन की दुकानों के लाभार्थियों में पात्र महिलाओं और युवाओं, महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्याओं तथा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, आशा और एएनएम के माध्यम से छूटे हुए पात्र मतदाताओं की पहचान कर फार्म-6 भरवाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस कार्य में ग्राम प्रधानों, सभासदों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों का भी सहयोग लिया जाए। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और संबंधित निर्वाचन अधिकारी मौजूद रहे।
