छठ पूजा से पहले पांचालघाट पर पसरी गंदगी, कैसे होगी पूजा?गंगा किनारे बिखरी पड़ीं खंडित मूर्तियां और पूजन सामग्री, जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर; बाढ़ के बाद घाट की मरम्मत भी अधूरी

प्रखर वाणी ब्यूरो
फर्रुखाबाद।
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की तैयारियां शुरू हो गई हैं, लेकिन फर्रुखाबाद के पांचालघाट पर अव्यवस्थाओं का आलम बना हुआ है। शहर और फतेहगढ़ के करीब 50 परिवार इसी घाट पर छठ पूजा करते हैं। पर्व में अब कुछ ही दिन शेष हैं, इसके बावजूद गंगा किनारे घाट पर गंदगी फैली हुई है। जगह-जगह पूजन सामग्री, खंडित मूर्तियां और कूड़े के ढेर दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में छठ पूजा करने आने वाले श्रद्धालुओं को गंदगी के बीच पूजा-अर्चना करनी पड़ सकती है।
घाट के किनारे बड़ी संख्या में अवशिष्ट पूजन सामग्री बिखरी पड़ी है। कुछ लोग पूजा के बाद मूर्तियों को गंगा किनारे ही छोड़ गए हैं, जबकि कई लोगों ने अन्य पूजन सामग्री पॉलिथीन में भरकर वहीं डाल दी है। इससे घाट पर गंदगी का अंबार लगा हुआ है। धार्मिक आस्था से जुड़े इस प्रमुख घाट पर सफाई व्यवस्था की स्थिति पर्व से पहले जिम्मेदार विभागों की तैयारियों पर सवाल खड़े कर रही है।
चार दिवसीय छठ पूजा 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ शुरू होगी। 14 नवंबर को घरों में खरना पूजन किया जाएगा। इसके बाद व्रती महिलाएं 36 घंटे का निर्जला व्रत रखेंगी। 15 नवंबर को पांचालघाट पर व्रती महिलाएं गंगा किनारे खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगी। वहीं, 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ महापर्व का समापन होगा।
पिछले दिनों आई बाढ़ ने पांचालघाट की स्थिति को और खराब कर दिया है। बाढ़ के पानी के तेज बहाव के कारण कई स्थानों पर घाट की बालू कट गई थी। इसके चलते घाट का स्वरूप भी प्रभावित हुआ है। 

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने