प्रखर वाणी ब्यूरो
फर्रुखाबाद।
जिला मुख्यालय के लकूला स्थित कृषि विभाग के कार्यालय में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब कार्यालय के अंदर चारपाई पर चपरासी का शव पड़ा मिला। शव से तेज दुर्गंध आने पर सफाई कर्मचारी ने अधिकारियों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने पुलिस को बुलाया। पुलिस ने मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो कर्मचारी का शव चारपाई पर पड़ा मिला। प्रारंभिक स्थिति में शव दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा है।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के राजा नगला गांव निवासी होशियार सिंह (42) पुत्र फेरू सिंह कृषि विभाग में चपरासी के पद पर तैनात थे। उन्हें अपने भाई जोगेंद्र सिंह की मृत्यु के बाद मृतक आश्रित कोटे से नौकरी मिली थी। होशियार सिंह अविवाहित थे और रात में कार्यालय में ही रुककर ड्यूटी करते थे।
कृषि उपनिदेशक अरविंद मोहन मिश्रा के मुताबिक, दीपावली की छुट्टियों के बाद सोमवार को कार्यालय खुला था। सोमवार शाम को होशियार सिंह कार्यालय आए थे। इसके बाद मंगलवार और बुधवार को फिर अवकाश रहा। गुरुवार सुबह करीब आठ बजे सफाई कर्मचारी कार्यालय पहुंचा तो मुख्य गेट पर अंदर से ताला लगा मिला। गेट के पास तेज दुर्गंध आ रही थी। कर्मचारी ने होशियार सिंह को आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद अधिकारियों को सूचना दी गई।
अंदर से बंद थे मुख्य गेट और चैनल के ताले
अधिकारियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मुख्य गेट का ताला तोड़कर पुलिस और विभागीय अधिकारी अंदर पहुंचे। कार्यालय के अंदर चैनल पर भी ताला लगा हुआ था। चारपाई पर होशियार सिंह का शव पड़ा मिला। शव की हालत देखकर उसके दो से तीन दिन पुराना होने की आशंका जताई गई।
सूचना पर सीओ सिटी अभय वर्मा भी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद परिजनों को सूचना देकर बुलाया गया। उनकी मौजूदगी में पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सीओ सिटी अभय वर्मा ने बताया कि शव दो से तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है और डीकंपोज होने लगा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।