दीपावली पर आतिशबाजी की दुकानों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं: डीएम डॉ. अंकुर लाठर

प्रत्येक क्लस्टर में दो फायर टेंडर और अधिकतम 50 दुकानों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश, विद्युत सुरक्षा प्रमाणपत्र के बिना नहीं होगा संचालन.


प्रखरवाणी ब्यूरो 

फर्रुखाबाद

दीपावली पर आतिशबाजी की बिक्री और भंडारण के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही भारी न पड़े, इसके लिए जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए हैं। शनिवार को स्थायी एवं अस्थायी आतिशबाजी विक्रेताओं और निर्माताओं के साथ बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि दुकानों और क्लस्टरों का निर्धारण उपलब्ध अग्निशमन संसाधनों तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं का आकलन करने के बाद ही किया जाए। प्रत्येक क्लस्टर में अधिकतम 50 दुकानों की सीमा और कम से कम दो फायर टेंडर की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने कहा कि आतिशबाजी की दुकानों के लिए स्थान निर्धारित करते समय आबादी, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, विद्यालयों, रेलवे लाइनों, हाईटेंशन विद्युत लाइनों, बाजारों और फैक्ट्रियों से निर्धारित सुरक्षित दूरी का ध्यान रखा जाए। केवल पूर्व वर्षों की व्यवस्था के आधार पर दुकानों की अनुमति न दी जाए, बल्कि उपलब्ध अग्निशमन संसाधनों के अनुरूप ही दुकानों और क्लस्टरों की संख्या तय की जाए। उन्होंने अस्थायी दुकानों के निर्माण के बाद विद्युत सुरक्षा विभाग के सक्षम अधिकारियों से निरीक्षण कराकर प्रमाणपत्र प्राप्त करने तथा आवश्यक सुरक्षा मानक पूरे होने के बाद ही विद्युत संयोजन चालू करने के निर्देश दिए।डीएम ने दुकानों के निर्माण में ज्वलनशील सामग्री का प्रयोग न करने, दुकानों के बीच पर्याप्त दूरी रखने और निर्धारित लेआउट के अनुसार ही आवंटन सुनिश्चित करने को कहा। दुकानों के सामने अस्थायी शेड या प्लेटफॉर्म बनाकर रास्ता बाधित करने तथा अनावश्यक भीड़ एकत्र करने पर रोक लगाने के निर्देश भी दिए। प्रत्येक विक्रय स्थल पर अग्निशमन यंत्र, रेत और पानी से भरी बाल्टियां सहित जरूरी सुरक्षा संसाधन उपलब्ध रखने तथा आपात स्थिति में अग्निशमन वाहनों के पहुंचने के लिए रास्ते खुले रखने को कहा।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आतिशबाजी दुकानों के लाइसेंस, भंडारण और बिक्री संबंधी शर्तों का मौके पर सत्यापन करने के निर्देश दिए। बिना वैध लाइसेंस कारोबार करने वालों और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने प्रतिबंधित आतिशबाजी की बिक्री पर रोक लगाने, ग्रीन पटाखों को प्रोत्साहित करने तथा ध्वनि और समय संबंधी निर्धारित प्रतिबंधों का पालन कराने पर भी जोर दिया।

डीएम ने अग्निशमन विभाग, विद्युत सुरक्षा विभाग, स्थानीय प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीमों से दुकानों एवं क्लस्टरों का निरीक्षण कराने को कहा। उन्होंने आतिशबाजी विक्रेताओं और निर्माताओं से सुरक्षा नियमों का पूरी तरह पालन करने की अपील करते हुए कहा कि दीपावली पर जनसुरक्षा सर्वोपरि है और सभी विभाग आपसी समन्वय से सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करें।

बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार, नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार, समस्त उप जिलाधिकारी, समस्त क्षेत्राधिकारी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुभाष कुमार, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका विनोद कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने