महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों से सामाजिक समरसता का संदेश, प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने किया नमन

ग्वालटोली स्थित वाल्मीकि मंदिर में आयोजित हुआ धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम, भक्ति गीतों और नुक्कड़ नाटकों से किया जागरूक..

प्रखरवाणी ब्यूरो 

फर्रुखाबाद

महर्षि वाल्मीकि जयंती पर रविवार को जनपद में श्रद्धा और भक्ति का माहौल रहा। शासन के निर्देश पर जिलेभर के वाल्मीकि मंदिरों में धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में फतेहगढ़ के ग्वालटोली स्थित वाल्मीकि मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री एवं पर्यटन व संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह शामिल हुए। कार्यक्रम में महर्षि वाल्मीकि के व्यक्तित्व, कृतित्व और उनके आदर्शों को याद करते हुए सामाजिक समरसता, सद्भाव और समानता का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने रामायण की रचना कर भारतीय संस्कृति और समाज को अमूल्य धरोहर दी। उनके विचार ज्ञान, न्याय, समानता और मानवीय मूल्यों की प्रेरणा देते हैं। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को एकजुट रखने और आपसी सद्भाव को मजबूत करने में प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि महापुरुषों की जयंती पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम नई पीढ़ी को उनके जीवन और विचारों से परिचित कराने के साथ उनके आदर्शों को अपनाने की प्रेरणा देते हैं। मंत्री ने आयोजन से जुड़े लोगों के प्रयासों की सराहना भी की।

समारोह में विद्यार्थियों और सामाजिक संस्थाओं से जुड़े प्रतिभागियों ने भक्ति गीतों, कविताओं और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से महर्षि वाल्मीकि के जीवन एवं विचारों को सामने रखा। सूचना विभाग की ओर से भेजी गई नुक्कड़ नाटक की टोलियों ने भी प्रस्तुतियों के जरिए सामाजिक जागरूकता और सद्भाव का संदेश दिया। धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को विशेष स्वरूप दिया।

इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी एसके तिवारी, जिला पर्यटन अधिकारी डॉ. एम. मकबूल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और श्रद्धालु मौजूद रहे। जिलेभर में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों और उनकी शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने