डीएम-एसपी ने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर परखी व्यवस्था, शांतिपूर्ण मतदान के बीच सुरक्षा का लिया जायजा

डीएम डॉ. अंकुर लाठर ने निर्वाचन नियमों के पालन पर दिया जोर, एसपी आरती सिंह ने पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के दिए निर्देश

प्रखरवाणी 

फर्रुखाबाद

विधान परिषद के आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन के मतदान को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने मतदान प्रक्रिया के साथ ही व्यवस्थाओं और सुरक्षा इंतजामों को परखा। निरीक्षण के दौरान सभी मतदान केंद्रों पर मतदान शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से संचालित होता मिला।डीएम और एसपी ने म्यूनिशिपल इंटर कॉलेज फतेहगढ़ के साथ विकास खंड कार्यालय बढ़पुर, कमालगंज और मोहम्मदाबाद स्थित मतदान केंद्रों का भ्रमण किया। जिलाधिकारी ने मतदान कार्मिकों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया में निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के साथ सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं। निर्वाचन कार्य में लगे कार्मिक पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ अपने दायित्व निभाएं, जिससे मतदान सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

वहीं, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया। डीएम और एसपी ने मतदान समाप्ति तक व्यवस्थाओं पर नजर बनाए रखने तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर संजय कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर अभय वर्मा, खंड विकास अधिकारी बढ़पुर योगेश पांडेय सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने