पांचाल घाट गंगा पुल की मरम्मत शुरू होते ही लगा भीषण जाम, तीन किलोमीटर तक वाहनों की कतारें; एंबुलेंस में मरीज बेहाल


प्रखरवाणी  ब्यूरो, फर्रुखाबाद।  

जनपद फर्रुखाबाद में पांचाल घाट गंगा पुल की मरम्मत शुरू होते ही एक बार फिर यातायात व्यवस्था चरमरा गई। फर्रुखाबाद-इटावा-बरेली मार्ग पर जमापुर से पांचाल घाट तक करीब तीन किलोमीटर से अधिक लंबा जाम लगने से राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इनमें कई एंबुलेंस भी फंसी नजर आईं, जबकि रोडवेज बसें और अन्य वाहन भी घंटों जाम में रेंगते रहे।

सबसे गंभीर स्थिति एंबुलेंस में सवार मरीजों की रही। जाम में फंसी एंबुलेंस के सायरन और हॉर्न भी वाहनों की लंबी कतारों के बीच बेअसर नजर आए। ऐसे में मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाना चुनौती बन गया। जाम के कारण किसी मरीज की तबीयत बिगड़ने की स्थिति में समय पर चिकित्सा सुविधा मिलना भी मुश्किल हो सकता है।

गंगा पुल की मरम्मत के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से लोगों में नाराजगी देखने को मिली। जाम में फंसने के कारण स्कूलों में पढ़ाने वाले शिक्षक समय से नहीं पहुंच पा रहे हैं। इसके अलावा सरकारी और निजी कर्मचारी, नौकरीपेशा लोग तथा रोजाना आवागमन करने वाले राहगीर भी परेशान हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जब-जब पांचाल घाट गंगा पुल की मरम्मत का काम शुरू होता है, तब-तब यातायात की रफ्तार थम जाती है और लोगों को लंबी कतारों में खड़े होकर जाम खुलने का इंतजार करना पड़ता है। सवाल यह है कि पुल की मरम्मत के दौरान यातायात को व्यवस्थित रखने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था और यातायात नियंत्रण के पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं किए जाते?प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती जाम से निजात दिलाने के साथ-साथ एंबुलेंस को तत्काल रास्ता उपलब्ध कराने की है। यदि समय रहते प्रभावी व्यवस्था नहीं की गई तो पुल की मरम्मत के दौरान राहगीरों और मरीजों की मुश्किलें लगातार बढ़ती रहेंगी।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने