इटावा-बरेली हाईवे पर दो भारी वाहनों के बीच आया युवक, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
प्रखर वाणी ब्यूरो
राजेपुर, फर्रुखाबाद। थाना राजेपुर क्षेत्र के जमापुर के पास इटावा-बरेली हाईवे पर गुरुवार देर शाम भीषण सड़क हादसा हो गया। डंपर और ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत के दौरान बीच में आए बाइक सवार युवक की जान चली गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक की पहचान गांधी गांव निवासी मोहन जाटव (31) पुत्र रामचरन जाटव के रूप में हुई है। प्रत्यक्ष घटनाक्रम के अनुसार, डंपर और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर के दौरान बाइक सवार युवक दोनों वाहनों के बीच आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर राजेपुर पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष दर्शन सिंह सोलंकी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर दुर्घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। उपनिरीक्षक महेश सिंह ने बताया कि डंपर और ट्रैक्टर-ट्रॉली की भिड़ंत के दौरान बाइक सवार दोनों वाहनों के बीच आ गया था, जिससे उसकी मौत हो गई।
थानाध्यक्ष दर्शन सिंह सोलंकी के मुताबिक, पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त डंपर और ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है। मृतक के शव का पंचनामा भरने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Tags
Farrukhabad