एसपी आरती सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किया सतर्क, 11 मतदान केंद्रों के 30 बूथों पर 120 कार्मिक संभालेंगे जिम्मेदारी,
प्रखरवाणी ब्यूरो
फर्रुखाबाद
आगरा-खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों और कार्मिकों को पूरी जिम्मेदारी एवं सतर्कता से दायित्व निभाने के निर्देश दिए। बुधवार को फतेहगढ़ स्थित रॉयल जे.जे.आर. पैलेस में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित अनिवार्य ब्रीफिंग बैठक में मतदान तैयारियों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मतदान प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। प्रत्येक कार्मिक निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए यह सुनिश्चित करे कि मतदान निर्धारित समय पर शुरू हो और किसी पात्र मतदाता को अपने मताधिकार से वंचित न रहना पड़े। जनपद में 23 अक्टूबर को 11 मतदान केंद्रों के 30 बूथों पर मतदान होगा, जिसके लिए 120 मतदान कार्मिक तैनात किए गए हैं।
जिलाधिकारी ने पोलिंग पार्टियों की रवानगी, मतदान केंद्रों पर समय से पहुंचने, मतपत्र पेटिकाओं को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार व्यवस्थित करने और मतदान शुरू कराने तक सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान किसी भी प्रक्रिया संबंधी त्रुटि से मतपत्र अथवा मत की वैधता प्रभावित नहीं होनी चाहिए। माइक्रो आब्जर्वर और पीठासीन अधिकारी मतदान प्रक्रिया पर लगातार निगरानी रखें तथा किसी भी समस्या की सूचना तत्काल संबंधित सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं वरिष्ठ अधिकारियों को दें। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने, आदर्श आचार संहिता का अनुपालन सुनिश्चित कराने और मतपत्र पेटिकाओं की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने आपसी समन्वय के लिए ड्यूटी में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों के मोबाइल नंबर साझा करने तथा किसी भी अप्रत्याशित स्थिति में तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचित करने को कहा।
मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ ने बताया कि पीठासीन अधिकारियों और माइक्रो आब्जर्वर का प्रशिक्षण पूरा कराया जा चुका है। उन्होंने निर्देश दिए कि मतदान के दिन सभी 11 केंद्रों पर सुबह आठ बजे से पहले पोलिंग एजेंटों की उपस्थिति में मतपत्र पेटिकाओं को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार व्यवस्थित कर लिया जाए और इस प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाए। मतदान सामग्री एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की पहले से जांच करने और निर्वाचन संबंधी अभिलेखों का सही ढंग से संधारण करने पर भी जोर दिया गया। बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, एएसपी गिरीश कुमार सिंह, वरिष्ठ कोषाधिकारी अम्बरीष बाजपेई, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, समस्त उप जिलाधिकारी तथा निर्वाचन कार्य से जुड़े प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, सेक्टर मजिस्ट्रेट, माइक्रो आब्जर्वर, पीठासीन अधिकारी और अन्य मतदान कार्मिक उपस्थित रहे।
