बाढ़ प्रभावित 22,627 किसानों को मिलेगी 11.50 करोड़ की राहत राशि

 बाढ़ प्रभावित 22,627 किसानों को मिलेगी 11.50 करोड़ की राहत राशि

 11,399 के खातों में पहुंचे 5.50 करोड़ रुपये

डीएम डॉ. अंकुर लाठर ने 55 आपदा प्रभावितों को वितरित कराई सहायता, अतिवृष्टि से फसल और मकान क्षति के भुगतान की भी दी जानकारी

          

  प्रखरवाणी 

 फर्रुखाबाद

बाढ़ और अतिवृष्टि से फसलों व मकानों को हुए नुकसान के बाद प्रभावित किसानों और परिवारों को राहत देने की प्रक्रिया जारी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर से प्रदेश के आपदा प्रभावित किसानों को कृषि निवेश अनुदान राशि का प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से भुगतान किया। इसका सजीव प्रसारण सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में दिखाया गया। इसके बाद जनप्रतिनिधियों ने जिले के 55 आपदा प्रभावितों को कृषि निवेश अनुदान और राहत सहायता राशि वितरित की। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने बताया कि बाढ़ से प्रभावित 22,627 किसानों को 11.50 करोड़ रुपये की राहत राशि उपलब्ध कराई जा रही है। इसमें अब तक 11,399 किसानों के खातों में 5.50 करोड़ रुपये भेजे जा चुके हैं। शेष किसानों का डाटा दर्ज हो चुका है और बजट उपलब्ध होने पर भुगतान किया जाएगा।

जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने बताया कि एक अगस्त से करीब दो महीने तक जनपद बाढ़ से प्रभावित रहा। इसमें अमृतपुर तहसील सबसे अधिक प्रभावित हुई, जबकि कायमगंज और सदर तहसील में भी नुकसान हुआ। कुछ स्थानों पर कटान से मकानों को क्षति पहुंची और लंबे समय तक खेतों में पानी भरा रहने से फसलें प्रभावित हुईं। बाद में बारिश और गंगा के जलस्तर में वृद्धि से दोबारा बाढ़ जैसे हालात बने। तहसीलवार आंकड़ों के अनुसार अमृतपुर के 14,708, सदर के 902 और कायमगंज के 7,015 किसानों को राहत राशि दी जानी है। डीएम ने कहा कि शेष पात्र किसानों तक भी सहायता पहुंचाने के लिए कार्रवाई की जा रही है।

अतिवृष्टि से फसल क्षति के 317 किसानों के 105 हेक्टेयर प्रभावित क्षेत्र के सापेक्ष अब तक 204 किसानों को 10.55 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है। मकान क्षति के 405 मामलों में 28 लाख रुपये की सहायता निर्धारित है, जिसमें 275 पीड़ितों को 14.12 लाख रुपये दिए जा चुके हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि कायमगंज तहसील में आपदा से हुई एक जनहानि के मामले में शासन के निर्देशानुसार चार लाख रुपये की सहायता तत्काल दी गई। वहीं, सदर और कायमगंज तहसीलों में कटान से प्रभावित परिवारों को निर्धारित समय के भीतर 1.30 लाख रुपये की राहत राशि दी गई। उन्होंने शेष पात्र लोगों को भी नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की बात कही।

कार्यक्रम में सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, अमृतपुर विधायक सुशील कुमार शाक्य, कायमगंज विधायक डॉ. सुरभि और निषाद राज पार्टी के अध्यक्ष अनिल निषाद ने 55 लाभार्थियों को सहायता राशि वितरित की। इनमें सदर तहसील के नौ, अमृतपुर के 32 और कायमगंज के 14 लाभार्थी शामिल रहे। इसके अलावा मत्स्य विभाग की ओर से पांच लाभार्थियों को एरिएशन सिस्टम और नाव वितरित की गई, जबकि उद्यान विभाग ने 10 लाभार्थियों को सब्जियों के बीज दिए। डीएम डॉ. अंकुर लाठर ने आपदा के दौरान राहत सामग्री और सहायता जरूरतमंदों तक पहुंचाने में सहयोग के लिए जनप्रतिनिधियों और मीडिया प्रतिनिधियों का आभार जताया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने