जनगणना-2027 की तैयारी तेज, 70 फील्ड ट्रेनरों को दिया प्रशिक्षण

16 नवंबर से शुरू होगी स्वगणना, दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक; 40 सवालों के जवाब डिजिटल माध्यम से जुटाए जाएंगे

प्रखर वाणी ब्यूरो
फर्रुखाबाद

भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण में जनसंख्या गणना की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में विकास भवन सभागार, फतेहगढ़ में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह की अध्यक्षता में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें तीन मास्टर ट्रेनरों ने 70 फील्ड ट्रेनरों को जनसंख्या गणना की निर्धारित प्रक्रिया, डिजिटल माध्यम से आंकड़े जुटाने और प्रगणकों की जिम्मेदारियों के बारे में प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण में पीई एप के माध्यम से घर-घर जाकर गृहस्वामियों और परिवार के सदस्यों से निर्धारित 40 प्रश्नों के उत्तर जुटाने की प्रक्रिया समझाई गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जनगणना का कार्य पूरी सावधानी, पारदर्शिता और निर्धारित समयसीमा के भीतर संपन्न कराया जाए।
जिला जनगणना प्रभारी परखी भार्गव ने बताया कि जनपद में 16 से 30 नवंबर 2026 तक स्वगणना होगी। इसके बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना करेंगे। वहीं, चार जनवरी को शाम छह बजे से रात 12 बजे तक बेघर लोगों की गणना की जाएगी। इस दौरान सही और विश्वसनीय आंकड़े जुटाना महत्वपूर्ण होगा, क्योंकि जनगणना से प्राप्त जानकारी देश और प्रदेश की विकास योजनाओं, नीतियों के निर्धारण तथा जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के संचालन में आधार बनती है।अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार सिंह ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसकी सफलता के लिए सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने दायित्वों की स्पष्ट जानकारी होना तथा निर्धारित प्रक्रिया का गंभीरता से पालन करना जरूरी है। उन्होंने सही आंकड़ों का संकलन सुनिश्चित करने, आपसी समन्वय बनाए रखने और कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला उद्यान अधिकारी राघवेंद्र सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी अनिल कुमार, अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारी एसपी सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने