सोता बहादुरपुर में खुला विप्लव पार्टी का 14वां जनता संवाद केंद्र
छोटू भैया को सौंपी गई जिम्मेदारी, जनसमस्याओं को उठाने के लिए संवाद केंद्र बनाने की पहल.
प्रखरवाणी फर्रुखाबाद ब्यूरो
विप्लव पार्टी की ओर से फर्रुखाबाद सदर विधानसभा क्षेत्र में जनता संवाद केंद्र खोलने का अभियान जारी है। इसी क्रम में ग्राम सोता बहादुरपुर में पार्टी के 14वें जनता संवाद केंद्र का उद्घाटन किया गया। केंद्र की जिम्मेदारी बीडीसी छोटू भैया को सौंपी गई। कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामीणों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अरविंद गुप्ता ने कहा कि जनता संवाद केंद्र का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं को सुनना और उनके अधिकारों से जुड़े मुद्दों को संबंधित स्तर पर उठाना है। उन्होंने कहा कि गरीबों, किसानों, युवाओं और मजदूरों से जुड़े विषयों को प्राथमिकता देकर उनके समाधान के लिए प्रयास किए जाएंगे। पार्टी की ओर से विधानसभा क्षेत्र में संवाद केंद्रों के माध्यम से लोगों से संपर्क स्थापित करने और स्थानीय समस्याओं को सामने लाने की पहल की जा रही है।पार्टी के इस अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाया जा रहा है। सोता बहादुरपुर में केंद्र खुलने से स्थानीय लोगों को अपनी समस्याएं रखने के लिए एक मंच उपलब्ध कराने की बात कही गई। कार्यक्रम में मेराज, किसबार अली, इमरान, बिलाल, अखलाक, हरीश अली, जावेद, अब्बास, पिंटू, शमीम और बहिद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

